तेहरान: ईरान में नेतृत्व परिवर्तन के बीच नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की शारीरिक स्थिति को लेकर पूरी दुनिया में अटकलों का बाजार गर्म है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने फॉक्स न्यूज रेडियो को दिए एक इंटरव्यू में सनसनीखेज दावा करते हुए कहा है कि मोजतबा खामेनेई शायद जिंदा तो हैं, लेकिन वे हमलों में बेहद गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
ट्रम्प के अनुसार, मोजतबा को बहुत ज्यादा नुकसान पहुँचा है और वे किसी न किसी रूप में अपनी जिंदगी के लिए जूझ रहे हैं। यह बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान में अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद मोजतबा ने सत्ता की कमान संभाली है।
कैमरे के सामने न आने से बढ़ीं कोमा और गंभीर चोट की खबरें
मोजतबा खामेनेई ने सुप्रीम लीडर बनने के बाद गुरुवार को अपना पहला आधिकारिक संबोधन जारी किया, लेकिन वे खुद कैमरे के सामने नहीं आए। उनके संदेश को सरकारी टीवी पर एक न्यूज एंकर ने पढ़कर सुनाया, जिसने उनकी सेहत को लेकर चल रहे शक को और पुख्ता कर दिया है।
अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स और ब्रिटिश अखबार 'द सन' का दावा है कि हवाई हमलों के दौरान मोजतबा का एक पैर कट गया है और वे फिलहाल कोमा में चले गए हैं। सीएनएन की एक रिपोर्ट में उनके पैर में फ्रैक्चर और चेहरे व आंख के पास चोट लगने की बात भी कही गई है।
तेहरान के सीना यूनिवर्सिटी अस्पताल में कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोजतबा खामेनेई का इलाज तेहरान के ऐतिहासिक इलाके में स्थित सीना यूनिवर्सिटी अस्पताल में चल रहा है। अस्पताल के एक विशेष हिस्से को पूरी तरह सील कर दिया गया है और वहां भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं ताकि उनकी वास्तविक स्थिति के बारे में कोई भी जानकारी बाहर न आ सके।
मोजतबा के पिता अली खामेनेई की मौत भी 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के उन्हीं हमलों में हुई थी, जिसमें परिवार के कई अन्य सदस्यों के घायल होने की खबर थी।
अधूरे संबोधन में अमेरिका-इजरायल को चेतावनी और बदले की हुंकार
एंकर द्वारा पढ़े गए अपने पहले संदेश में 56 वर्षीय मोजतबा खामेनेई ने अमेरिका और इजरायल के प्रति बेहद सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान अपने 'शहीदों के खून' का बदला जरूर लेगा और संघर्ष को अपने पिता की नीतियों के अनुसार ही आगे बढ़ाएगा।
उन्होंने खाड़ी के देशों को अपने यहां मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को तुरंत बंद करने की चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसा न करने पर उन्हें निशाना बनाया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को भी बंद रखने का एलान किया है।