Masood Azhar Brother Death: आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के भाई मोहम्मद ताहिर अनवर की मौत हो गई है। ताहिर अनवर की मौत की पुष्टि खुद जैश-ए-मोहम्मद के आधिकारिक चैनलों के जरिए की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार देर रात बहावलपुर की जामिया मस्जिद उस्मान वाली में उसका जनाजा पढ़ा गया। ताहिर लंबे समय से जैश की आतंकी गतिविधियों और ऑपरेशन्स में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
मौत की वजह पर बना हुआ है सस्पेंस
ताहिर की मौत कैसे हुई, इसे लेकर जैश की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। न तो किसी लंबी बीमारी का जिक्र है और न ही किसी हादसे का। अचानक हुई इस मौत ने कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है। सूत्रों का मानना है कि जैश जानबूझकर मौत की वजहों को छिपा रहा है।
भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' से टूटा जैश का कमर
पिछले साल भारत ने पहलगाम हमले का बदला लेने के लिए पाकिस्तान के बहावलपुर में जैश के ठिकानों पर 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत जोरदार एयरस्ट्राइक की थी। इस हमले में मसूद अजहर के कई करीबी रिश्तेदार और वफादार कमांडर मारे गए थे। खुद जैश ने पहली बार स्वीकार किया था कि भारतीय कार्रवाई में उनके परिवार को भारी नुकसान पहुंचा है।
मसूद के 10 से ज्यादा रिश्तेदारों का हो चुका है खात्मा
भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक और हवाई हमलों में मसूद अजहर का पूरा कुनबा बिखर चुका है। बहावलपुर स्थित जैश के मुख्यालय 'जामिया मस्जिद सुभान अल्लाह' पर हुए हमले में मसूद की बहन, बहनोई, भतीजे और कई अन्य रिश्तेदार ढेर हो चुके हैं। ताहिर अनवर की मौत को इसी कड़ी का अगला हिस्सा माना जा रहा है।
खूंखार आतंकी वारदातों का मास्टरमाइंड है जैश
जैश-ए-मोहम्मद भारत में कई बड़े आतंकी हमलों के लिए जिम्मेदार रहा है। 2001 में संसद पर हमला, 2016 में पठानकोट एयरबेस और उरी हमला, और 2019 का पुलवामा हमला... इन सभी के पीछे मसूद अजहर और उसके संगठन का हाथ था। भारत की हालिया कड़ाई के बाद से यह आतंकी गुट पाकिस्तान के भीतर भी असुरक्षित महसूस कर रहा है।