haribhoomi hindi news
ईरान में हालात को देखते हुए भारतीय दूतावास ने नागरिकों को तुरंत देश छोड़ने की सलाह दी है। सीजफायर के बावजूद सुरक्षा चिंताओं के चलते यह एडवाइजरी जारी की गई है।

पश्चिम एशिया में एक महीने से ज्यादा समय तक चले तनाव और संघर्ष के बाद आखिरकार ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर की घोषणा हो गई है। लेकिन हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं। इसी बीच ईरान की राजधानी तेहरान में स्थित भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक अहम एडवाइजरी जारी की है।

दूतावास ने साफ शब्दों में कहा है कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए सभी भारतीय नागरिक जल्द से जल्द ईरान छोड़ दें। यह एडवाइजरी 8 अप्रैल को जारी की गई है, जो 7 अप्रैल की पिछली चेतावनी का ही अगला कदम है। पहले जहां लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई थी, वहीं अब उन्हें देश छोड़ने के लिए कहा गया है।

दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया है कि कोई भी भारतीय नागरिक बिना सलाह लिए किसी भी अंतरराष्ट्रीय सीमा की ओर न जाए। ऐसा करना जोखिम भरा हो सकता है। नागरिकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे दूतावास के संपर्क में रहें और केवल उन्हीं सुरक्षित रास्तों का इस्तेमाल करें, जिनकी जानकारी आधिकारिक तौर पर दी जा रही है।

भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए दूतावास ने चार इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। जरूरत पड़ने पर लोग इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:-

  • +989128109115
  • +989128109102
  • +989128109109
  • +989932179359

इसके अलावा, किसी भी प्रकार की जानकारी या मदद के लिए cons.tehran@mea.gov.in पर ईमेल भी किया जा सकता है।

सरकार की प्राथमिकता इस समय यही है कि ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिक सुरक्षित तरीके से अपने देश लौट सकें। हालात को देखते हुए यह एडवाइजरी बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

7