फिनलैंड की हेल्थ टेक कंपनी Oura ने भारत में अपना पहला स्मार्ट रिंग Oura Ring 4 लॉन्च कर दिया है। यह डिवाइस पहले ग्लोबल मार्केट में करीब दो साल पहले पेश किया गया था और अब भारत के हेल्थ और फिटनेस वियरेबल्स मार्केट में कंपनी की एंट्री को दर्शाता है। यह स्मार्ट रिंग हेल्थ ट्रैकिंग, स्लीप एनालिसिस और रिकवरी इनसाइट्स पर फोकस करता है।
Oura Ring 4 की कीमत और उपलब्धता
भारत में Oura Ring 4 की कीमत ₹28,900 से शुरू होती है, जो Black और Silver कलर ऑप्शन के लिए है। वहीं Brushed Silver, Rose Gold और Stealth वेरिएंट की कीमत ₹39,900 रखी गई है।
यह स्मार्ट रिंग 12 साइज (4 से 15) में उपलब्ध है और 18 मार्च से ऑनलाइन तथा Croma के 100 स्टोर्स पर खरीदी जा सकती है। कंपनी ₹599 प्रति माह का सब्सक्रिप्शन भी ऑफर करती है, जिसमें यूज़र्स को अधिक डिटेल्ड हेल्थ इनसाइट्स मिलते हैं।
Oura Ring 4 के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन
Oura Ring 4 हल्के और नॉन-एलर्जेनिक टाइटेनियम से बनी है और 100 मीटर तक वाटर रेसिस्टेंट है, जिससे यह रोजमर्रा के इस्तेमाल के साथ-साथ वर्कआउट और स्विमिंग के लिए भी उपयुक्त बनती है। इसका वजन साइज के अनुसार लगभग 3.3 ग्राम से 5.2 ग्राम के बीच है, जो इसे पहनने में बेहद आरामदायक बनाता है। यह रिंग Bluetooth Low Energy (BLE) के जरिए Oura App से कनेक्ट होती है, जिससे यूजर्स अपने हेल्थ डेटा को आसानी से ट्रैक कर सकते हैं।
इसमें दी गई Smart Sensing टेक्नोलॉजी एडवांस एल्गोरिद्म और रिसर्च-ग्रेड सेंसर की मदद से सटीक और पर्सनलाइज्ड हेल्थ इनसाइट्स प्रदान करती है, जिसकी सटीकता को University of Tokyo और National University of Singapore जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों द्वारा वैलिडेट किया गया है। हेल्थ ट्रैकिंग के लिए इसमें 18-पाथ मल्टी-वेवलेंथ PPG सिस्टम दिया गया है, जो दिन-रात लगातार हार्ट रेट, हार्ट रेट वैरिएबिलिटी (HRV), स्लीप स्टेज, बॉडी टेम्परेचर, ब्लड ऑक्सीजन (SpO2) और रेस्पिरेशन रेट जैसे महत्वपूर्ण बायोमेट्रिक डेटा को मॉनिटर करता है। यह सभी माप रेड, ग्रीन और इंफ्रारेड LEDs की मदद से किए जाते हैं।
इसके अलावा, रिंग में एक्सेलेरोमीटर (मूवमेंट ट्रैकिंग के लिए), डिजिटल टेम्परेचर सेंसर और एक्टिविटी/फिटनेस ट्रैकिंग जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं। बैटरी की बात करें तो कंपनी का दावा है कि Oura Ring 4 एक बार चार्ज करने पर लगभग 8 दिन तक चल सकती है, जबकि इसे फुल चार्ज होने में करीब 20 से 80 मिनट का समय लगता है और इसके साथ साइज चार्जर भी दिया जाता है।










