OPPO अपना नया स्मार्टफोन Find X9s 21 अप्रैल को ग्लोबली लॉन्च करने की तैयारी में है। यह डिवाइस कंपनी के अपकमिंग लॉन्च इवेंट का हिस्सा होगा, जिसमें Find X9 Ultra और Find X9s Pro भी पेश किए जाएंगे। लॉन्च से पहले ही इस फोन को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आ चुकी हैं, जिनसे इसके डिजाइन और बैटरी को लेकर काफी चर्चा बढ़ गई है।
लीक की मानें तो आने वाले डिवाइस में 7025mAh की बड़ी बैटरी और अल्ट्रा-थिन 1.15mm बेजल्स जैसे खास फीचर्स मिल सकते हैं। आइए अब इसके अब तक सामने आई डिटेल्स पर एक नजर डालें।
OPPO Find X9s लॉन्च डेट और फीचर्स
रिपोर्ट्स के मुताबिक, OPPO Find X9s को ग्लोबल मार्केट में उसी दिन लॉन्च किया जा सकता है, जिस दिन इसका इवेंट आयोजित होगा। हालांकि कंपनी ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन इवेंट माइक्रोसाइट और पहले की घोषणाएं 21 अप्रैल की ओर इशारा करती हैं। खास बात यह है कि कंपनी ने पहले ही MediaTek इवेंट के दौरान भारत में इस फोन के आने की पुष्टि कर दी थी, जहां बताया गया था कि यह डिवाइस Dimensity 9500s चिपसेट के साथ आएगा।
डिजाइन की बात करें तो OPPO Find X9s को प्रीमियम लुक देने के लिए बेहद पतले बेज़ल्स के साथ पेश किया जा सकता है। इसमें सिर्फ 1.15mm के अल्ट्रा-थिन बेज़ल्स मिलने की उम्मीद है, जो इसे एक एज-टू-एज डिस्प्ले अनुभव देगा। यह फोन फ्लैट डिस्प्ले डिजाइन के साथ आ सकता है और इसमें LIPO पैकेजिंग टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल होने की संभावना है, जिससे स्क्रीन और भी ज्यादा इमर्सिव दिखाई देती है।
ये भी पढ़े-ः Poco C81 Pro: 120Hz डिस्प्ले और 6000mAh बैटरी के साथ जल्द होगा लॉन्च, ब्रांड की वेबसाइट पर हुआ लिस्ट
बैटरी और कैमरा
फोन की बैटरी इसकी सबसे बड़ी खासियत मानी जा रही है। OPPO Find X9s में 7025mAh की बड़ी बैटरी दी जा सकती है, जो एक बार चार्ज करने पर आसानी से पूरे दिन से ज्यादा का बैकअप दे सकती है। इसके साथ ही फोन में 50MP प्राइमरी सेंसर के साथ ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिलने की उम्मीद है, जिसमें टेलीफोटो लेंस भी शामिल हो सकता है।
कंपनी ने टीजर में इस फोन को तीन रंगों- ऑरेंज, लाइट पर्पल और डार्क ग्रे/ब्लैक में दिखाया है। पीछे की तरफ स्क्वायर कैमरा मॉड्यूल दिया गया है, जो इसे एक मॉडर्न और प्रीमियम लुक देता है। हालांकि Pro वर्जन की तरह इसमें एक्सटेंडेड कैमरा डिजाइन नहीं होगा।
फिलहाल, OPPO ने Find X9s की कीमत और पूरी स्पेसिफिकेशन को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। उम्मीद है कि सभी डिटेल्स 21 अप्रैल के लॉन्च इवेंट में सामने आ जाएंगी।










