इंफीनिक्स ने अपना नया टैबलेट Infinix Xpad 30E लॉन्च किया है। यह 11-इंच फुल एचडी डिस्प्ले, 7000mAh बैटरी और एआई पावर्ड लर्निंग फीचर्स से लैस है। जानें कीमत और फीचर्स।

Infinix Xpad 30E Launch Price: इंफीनिक्स ने वैश्विक स्तर पर अपना नया बजट-फ्रेंडली टैबलेट Infinix Xpad 30E लॉन्च किया है। यह टैबलेट विशेष रूप से छात्रों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें पढ़ाई में मदद करने के लिए कई एआई (AI) फीचर्स दिए गए हैं। आइए इस दमदार टैबलेट की कीमत और खासियतों के बारे में जानते हैं।

Infinix Xpad 30E Launch: कीमत और उपलब्धता
Infinix Xpad 30E को फिलहाल चुनिंदा वैश्विक बाजारों में उतारा गया है। इंडोनेशिया में इसके 4GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले सिंगल वेरिएंट की कीमत IDR 2,394,000 (लगभग 13,000 रुपये) रखी गई है। यह टैबलेट ड्रीम पर्पल, फॉरेस्ट ग्रीन और डीप ब्लू जैसे आकर्षक कलर्स में उपलब्ध है।

भारत में इसके लॉन्च को लेकर कंपनी ने अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन उम्मद है कि कंपनी जल्द ही इसे भारतीय बाजार में भी उतार सकती है।

Infinix Xpad 30E Launch: क्या है खासियत?
इस टैबलेट में 11-इंच का फुल-एचडी+ (1,200x1,920 पिक्सल) एलसीडी डिस्प्ले दिया गया है। इसका स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो 83.7 प्रतिशत है और यह 440 निट्स की ब्राइटनेस प्रदान करता है। छात्रों की आंखों की सुरक्षा के लिए इसके डिस्प्ले को लो ब्लू लाइट उत्सर्जन के लिए टीयूवी रीनलैंड (TUV Rheinland) सर्टिफिकेशन भी मिला है। यह टैबलेट काफी स्लीक है और प्रीमियम लुक देता है।

एआई फीचर्स और लर्निंग टूल्स
Infinix Xpad 30E की सबसे बड़ी खूबी इसका 'AI ट्यूटर' फीचर है। कंपनी का दावा है कि यह छात्रों को होमवर्क करने और जटिल सवालों को समझने में मदद करेगा। इसमें फोटो सॉल्विंग, टैप टू आस्क और एआई स्क्रीन रिकग्निशन जैसे स्मार्ट टूल्स दिए गए हैं। साथ ही, यूजर्स को 1.2 लाख से अधिक प्रीमियम लर्निंग रिसोर्सेज का एक्सेस भी मिलता है, जो छात्रों के कोर्स और पाठ्यपुस्तकों के अनुसार तैयार किए गए हैं।

प्रोसेसर और बैटरी बैकअप
परफॉरमेंस के लिए इसमें मीडियाटेक हीलियो G80 (MediaTek Helio G80) चिपसेट दिया गया है, जिसे 4GB रैम के साथ जोड़ा गया है। इसमें 128GB की इंटरनल स्टोरेज है, जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए बढ़ाया जा सकता है। टैबलेट में 7,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 18W की वायर्ड चार्जिंग को सपोर्ट करती है। यह टैबलेट एंड्रॉयड 15 पर आधारित XOS 15 पर चलता है और इसमें बेहतर मल्टीटास्किंग के लिए स्प्लिट-स्क्रीन का फीचर भी मौजूद है।

कैमरा और कनेक्टिविटी
फोटोग्राफी और वीडियो कॉलिंग के लिए Infinix Xpad 30E में 5 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें 4G LTE सिम सपोर्ट, वाई-फाई 5, ब्लूटूथ, 3.5mm ऑडियो जैक और ओटीजी (OTG) जैसे फीचर्स शामिल हैं। यह टैबलेट सिम कार्ड सपोर्ट के साथ आता है, जिससे छात्र बिना वाई-फाई के भी ऑनलाइन पढ़ाई जारी रख सकते हैं।