Women Empowerment: उत्तर प्रदेश के ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में महिलाओं और छात्राओं के लिए परिवहन हमेशा से एक बड़ी चुनौती रहा है। सार्वजनिक वाहनों में सुरक्षा की चिंता और सीमित संसाधनों के बीच योगी सरकार ने 'महिला ई-रिक्शा पायलट' योजना के जरिए एक ठोस समाधान पेश किया है।
इस योजना का उद्देश्य दोतरफा है- पहला, स्कूल-कॉलेज और बाजार जाने वाली बेटियों को एक सुरक्षित माहौल देना और दूसरा, ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाना।
जब रिक्शा की स्टयरिंग महिला के हाथ में होगी, तो सवारी के रूप में बैठी अन्य महिलाएं खुद को अधिक सहज और सुरक्षित महसूस करेंगी। यह पहल उत्तर प्रदेश के 'मिशन शक्ति' अभियान को एक नई ऊंचाई पर ले जाने वाली साबित हो रही है।
अक्सर देखा जाता है कि सार्वजनिक परिवहन में सफर के दौरान महिलाओं को असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। महिला ई-रिक्शा पायलटों की तैनाती से इस समस्या का काफी हद तक समाधान हो जाएगा।
स्कूल और कॉलेज जाने वाली छात्राओं के लिए यह सेवा किसी वरदान से कम नहीं है। पुलिस और प्रशासन का मानना है कि इस पहल से सड़कों पर महिलाओं की मौजूदगी बढ़ेगी, जिससे सार्वजनिक स्थानों पर छेड़खानी जैसी घटनाओं में कमी आएगी।
यह योजना केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गांवों की आर्थिक तस्वीर बदलने की भी क्षमता रखती है। सरकार इस योजना के तहत महिलाओं को ई-रिक्शा खरीदने के लिए सब्सिडी और आसान किश्तों पर ऋण उपलब्ध करा रही है।
इसके साथ ही, उन्हें ड्राइविंग और बुनियादी मरम्मत की ट्रेनिंग भी दी जा रही है। इससे उन महिलाओं को रोजगार मिल रहा है जो घर से बाहर निकलकर कुछ करना चाहती थीं। गांवों में महिला ई-रिक्शा चालकों की मौजूदगी से स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा और परिवहन के लिए दूसरों पर निर्भरता कम होगी।
सरकार इन ई-रिक्शा को 'पिंक' कलर कोड देने पर भी विचार कर रही है ताकि उनकी पहचान अलग से हो सके। कुछ जिलों में इन रिक्शा को जीपीएस और पैनिक बटन जैसी सुविधाओं से भी लैस किया जा रहा है, ताकि आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके। आने वाले समय में यह मॉडल पूरे देश के लिए ग्रामीण परिवहन का एक आदर्श उदाहरण बन सकता है।