Logo
पुलिस और साइबर सेल ईमेल के स्रोत की जांच कर रहे हैं। कोर्ट परिसर में एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था को दोगुना कर दिया गया है।

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पिछले 72 घंटों के भीतर यह दूसरा मौका है जब अदालती कामकाज में खलल डालने और दहशत फैलाने के इरादे से धमकी भरा ईमेल भेजा गया है।

ईमेल में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI का नाम लेकर सुरक्षा एजेंसियों को खुली चुनौती दी गई है, जिससे पुलिस प्रशासन और खुफिया विभागों में हड़कंप मच गया है।

​3 दिन में दूसरा धमकी भरा संदेश

​जानकारी के अनुसार, यह ईमेल लखनऊ जिला न्यायालय के आधिकारिक पते पर प्राप्त हुआ है। इससे पहले भी तीन दिन पहले एक ऐसा ही मेल आया था, जिसके बाद कोर्ट परिसर की सघन तलाशी ली गई थी।

एक के बाद एक मिल रही इन धमकियों ने कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। कोर्ट परिसर को खंडहर में तब्दील करने की बात कही है।

​ISI का जिक्र और सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी

​इस बार भेजे गए ईमेल में खासतौर पर 'ISI' का नाम लिया गया है, जिसे एजेंसियां एक गंभीर कूटनीतिक और सुरक्षा संबंधी साजिश के तौर पर देख रही हैं। धमकी मिलते ही एटीएस (ATS), एसटीएफ (STF) और डॉग स्क्वायड की टीमों ने कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली।

हालांकि, अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन कोर्ट के प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ा दी गई है।

​साइबर सेल और खुफिया विभाग सक्रिय

​लखनऊ पुलिस की साइबर सेल अब इन दोनों ईमेल्स के आईपी एड्रेस को ट्रेस करने में जुट गई है। शुरुआती जांच में यह किसी शरारती तत्व की हरकत भी हो सकती है जो जांच एजेंसियों को गुमराह करने या कोर्ट की कार्यवाही में बाधा डालने के लिए 'ISI' के नाम का सहारा ले रहा है।

पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या इन ईमेल्स का संबंध किसी हाई-प्रोफाइल केस की सुनवाई से तो नहीं है, जिसकी कार्यवाही को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही हो।

5379487