लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सबसे व्यस्त और हाई-प्रोफाइल इलाकों में लगे कुछ विवादित पोस्टरों ने सनसनी फैला दी है। यह पूरा मामला पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में होने वाले एक मस्जिद निर्माण से जुड़ा है, जिसे हिंदूवादी संगठन 'विश्व हिंदू रक्षा परिषद' ने 'नई बाबरी मस्जिद' करार दिया है। संगठन ने सीधे तौर पर इस निर्माण को रोकने और मुर्शिदाबाद में 'आर-पार' की लड़ाई लड़ने की चेतावनी दी है।
'हुमायूं हम आएंगे, बाबरी फिर गिराएंगे': लखनऊ के चौराहों पर पोस्टर वार
लखनऊ के हजरतगंज, 1090 चौराहा और अंबेडकर चौराहे जैसे प्रमुख स्थानों पर रातों-रात ये होर्डिंग्स लगाए गए हैं। इन पोस्टरों पर बड़े अक्षरों में लिखा है— "हुमायूं हम आएंगे, बाबरी फिर से गिराएंगे"।
इसके साथ ही हाल के दिनों में चर्चित रहे नारे "बटोगे तो कटोगे" का भी इस्तेमाल किया गया है। पोस्टरों के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि मुर्शिदाबाद में जो मस्जिद बनने जा रही है, उसका अंजाम भी बाबरी जैसा ही होगा।
हुमायूं कबीर और ममता बनर्जी को बनाया निशाना
इन विवादित पोस्टरों में पश्चिम बंगाल के विधायक हुमायूँ कबीर की तस्वीर लगाकर उन्हें एक 'मुगल आक्रांता' की तरह पेश किया गया है। साथ ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तस्वीर लगाकर उन पर 'हिंदू विरोधी' होने का आरोप जड़ा गया है।
पोस्टर में साफ तौर पर लिखा गया है कि हिंदू विरोधी सरकार के संरक्षण में मुर्शिदाबाद में नई बाबरी का निर्माण हो रहा है, जिसे हिंदू समाज बर्दाश्त नहीं करेगा।
10 फरवरी को बंगाल कूच की तैयारी
विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने इन पोस्टरों के माध्यम से सार्वजनिक घोषणा की है कि उनका संगठन 10 फरवरी को मुर्शिदाबाद के लिए कूच करेगा। संगठन का दावा है कि वहां 11 फरवरी से मस्जिद का निर्माण कार्य शुरू होना है, जिसे वे किसी भी कीमत पर शुरू नहीं होने देंगे।
संगठन ने अपने कार्यकर्ताओं से भारी संख्या में बंगाल पहुँचने का आह्वान किया है ताकि इस 'नई बाबरी' के निर्माण को रोका जा सके।
प्रशासनिक सतर्कता और सुरक्षा पर सवाल
लखनऊ के उन इलाकों में ये पोस्टर लगाए गए हैं जहाँ 24 घंटे पुलिस का पहरा और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रहती है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि इतने बड़े और विवादित पोस्टर सार्वजनिक जगहों पर कैसे लगा दिए गए।
फिलहाल, इन पोस्टरों ने लखनऊ से लेकर बंगाल तक राजनीतिक तपिश बढ़ा दी है। खुफिया एजेंसियां और पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को टाला जा सके।