हापुड़ में एक निजी स्कूल के प्रधानाचार्य ने सातवीं कक्षा की दलित छात्रा को रिपोर्ट कार्ड देने के बहाने अपने ऑफिस में बुलाकर छेड़छाड़ की। पुलिस ने आरोपी प्रधानाचार्य को गिरफ्तार कर लिया है।

हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक बार फिर मानवता और शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित निजी जूनियर हाईस्कूल के प्रधानाचार्य राजकुमार ने एक 13 वर्षीय नाबालिग दलित छात्रा के साथ छेड़छाड़ की।

छात्रा स्कूल की सातवीं कक्षा की परीक्षा पास करने के बाद अपना रिपोर्ट कार्ड लेने के लिए स्कूल गई थी।

छात्रा जब वह स्कूल पहुंची, तो प्रधानाचार्य राजकुमार ने उसे रिपोर्ट कार्ड देने के बहाने अपने कार्यालय में बुलाया और ऑफिस का दरवाजा बंद कर लिया और उसके साथ जबरन छेड़छाड़ शुरू कर दी। छात्रा किसी तरह प्रधानाचार्य के चंगुल से बचकर घर पहुंची और परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई, जिसे सुनकर उनके होश उड़ गए।

छात्रा की आपबीती सुनकर परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंच गए और वहां जमकर हंगामा किया। उन्होंने प्रधानाचार्य की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की। हंगामे की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह परिजनों व ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

प्रधानाचार्य राजकुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं, पॉक्सो (POCSO) एक्ट और एससी/एसटी एक्ट (SC/ST Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। छात्रा के पिता ने अपनी तहरीर में यह भी आरोप लगाया है कि जब वे घटना की शिकायत करने स्कूल पहुंचे तो प्रधानाचार्य ने उनके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।