Logo
मथुरा के सुरीर में यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक बेकाबू कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े 15 यात्रियों को कुचल दिया, जिनमें से 6 की मौत हो गई।

मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे के सुरीर थाना क्षेत्र में आज सुबह एक रूह कंपा देने वाला हादसा हो गया। नोएडा से आगरा की ओर जा रही एक निजी बस से नीचे उतरे यात्रियों पर मौत बनकर एक बेकाबू कंटेनर टूट पड़ा। इस दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

लघुशंका के लिए रुके यात्रियों पर बरपा कहर

​हादसा उस समय हुआ जब नोएडा से आगरा जा रही बस सुरीर इलाके के पास रुकी थी। बस में सवार कुछ यात्री लघुशंका के लिए नीचे उतरे और सड़क किनारे खड़े थे।

इसी बीच पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने नियंत्रण खो दिया और खड़े यात्रियों को बुरी तरह कुचल दिया।

मची चीख-पुकार और रेस्क्यू ऑपरेशन

​हादसा इतना वीभत्स था कि एक्सप्रेसवे पर चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही सुरीर थाना पुलिस और यमुना एक्सप्रेसवे के सुरक्षाकर्मी तत्काल मौके पर पहुँचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया और एंबुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल रवाना किया।

सुरीर पुलिस ने शवों को मोर्चरी भिजवाया

​हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और एक्सप्रेसवे सुरक्षाकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई की। मौके पर ही दम तोड़ने वाले छह यात्रियों के शवों को एंबुलेंस की मदद से मोर्चरी भिजवाया गया है। पुलिस अब मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटी है।

नोएडा-आगरा रूट पर यातायात प्रभावित

​इस भीषण दुर्घटना के बाद यमुना एक्सप्रेसवे के आगरा की ओर जाने वाले रास्ते पर यातायात काफी देर तक बाधित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाकर किनारे करवाया, जिसके बाद ट्रैफिक को सुचारू रूप से बहाल किया जा सका।

लापरवाही और रफ्तार ने ली जान

​प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कंटेनर की अत्यधिक रफ्तार और चालक की लापरवाही को माना जा रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या विजिबिलिटी कम होने के कारण यह हादसा हुआ या फिर बस को गलत तरीके से एक्सप्रेसवे पर खड़ा किया गया था।

5379487