Lok Sabha Chunav 2024: UP की 10 सीटों पर चुनाव प्रचार थमा, जानें कहां किसके बीच मुकाबला, मोदी के मंत्री भी मैदान में 

UP Lok Sabha Election 2024 Third Phase Chunav
X
लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में UP की 10 सीटों में 100 प्रत्याशी मैदान में हैं। देखें कहां कौन दे रहा टक्कर
UP Lok Sabha Chunav 2024: उत्तर प्रदेश की 10 लोकसभा सीटों में 100 उम्मीदवार किस्मत अजमा रहे हैं। इनमें मोदी सरकार के मंत्री भी शामिल हैं। रविवार शाम वोटिंग से 48 घंटे पहले प्रचार प्रसार थम गया। मतदान 7 मई को सुबह 7 बजे शुरू होगा।

UP Lok Sabha Chunav 2024: उत्तर प्रदेश की 10 लोकसभा सीटों में 7 मई को मतदान है। इनमें 100 उम्मीदवार किस्मत अजमा रहे हैं। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल और राजवीर सिंह सहित कई दिग्गजों की साख दांव पर है। बरेली में बसपा प्रत्याशी का नामांकन रद्द हो गया, शेष 9 सीटों पर तीनों प्रमुख दलों के बीच मुकाबला है। सपा के समक्ष मुलायम परिवार के गढ़ और भाजपा सामने पुराना प्रदर्शन दोहराने की चुनौती है।

मैनपुरी: मुलायम का गढ़ में योगी के मंत्री
मैनपुरी लोकसभा समाजवादी पार्टी का गढ़ मानी जाती है। पिछले 10 चुनाव सपा ने जीते हैं। 2022 में मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद हुए उपचुनाव में बहू डिंपल यादव सांसद बनीं। पार्टी ने फिर उन पर भरोसा जताया है। बसपा ने गुलशन कुमार शाक्य और भाजपा ने मंत्री जयवीर सिंह को उम्मीदवार बनाया है। जो डिंपल को कड़ी टक्कर दे रहे हैं।

बदायूं: सपा बसपा में कड़ी टक्कर
बदायूं सीट पर कांटे की टक्कर है। सपा ने पहले धर्मेंद्र यादव, फिर शिवपाल यादव और अंत में उनके बेटे आदित्य यादव को प्रत्याशी बनाया है। जबकि, भाजपा ने सांसद संघमित्रा मौर्य का टिकट काटकर दुर्विजय शाक्य को दिया है। बसपा ने मुस्लिम खान को उतार कर लड़ाई रोचक बना दी है। बंदायूं में फिलहाल सपा और भाजपा के बीच टक्कर है।

फिरोजाबाद: हार का बदला ले पाएंगे अक्षय
फिरोजाबाद में 2019 का चुनाव भले हार गई हो, लेकिन यह सीट भी मुलायम परिवार के लिए काफी मुफीद मानी जाती है। इस बार रामगोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव मैदान में हैं। भाजपा ने सिटिंग सांसद चंद्रसेन जादौन का टिकट काटकर ठाकुर विश्वदीप सिंह और बसपा ने चौधरी बशीर को उम्मीदवार बनाया है। अक्षय यादव 2014 में मोदी लहर के बावजूद यह सीट जीत ली थी। इस चुनाव में भी उन्हें बीजेपी और बसपा से कड़ी चुनौती मिल रही है।

आंवला: त्रिकोणीय मुकाबले में फंसे कश्यप
आंवला लोकसभा सीट में भाजपा ने मौजूदा सांसद धर्मेंद्र कश्यप और सपा ने नीरज मौर्य को उम्मीदवार बनाया है। आबिद अली को मायावती के हस्तक्षेप पर बसपा का सिम्बल मिला। इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है।

आगरा: मंत्री एसपी सिंह फिर मैदान में
आगरा लोकसभा सीट में भाजपा ने केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल पर फिर भरोसा जताया है। बघेल का मुकाबला बसपा की पूजा अमरोही और सपा के सुरेश चंद कर्दम से है। पिछले चुनाव में सपा बसपा ने यहां से संयुक्त प्रत्याशी उतारा था, लेकिन भाजपा के बघेल से हार गए।

बरेली: मायावती को झटका, सपा-बीजेपी में मुकाबला
बरेली लोकसभा सीट में बसपा प्रत्याशी छोटेलाल गंगवार का पर्चा निरस्त हो गया। यहां सपा के प्रवीण कुमार ऐरन और बीजेपी के छत्रपाल सिंह गंगवार में कड़ा मुकाबला है। यह सीट बीजेपी का गढ़ मानी जाती है।

एटा: कल्याण सिंह के बेटे राजवीर प्रत्याशी
एटा से भाजपा ने कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह पर पुन: भरोसा जताया है। सपा ने देवेश शाक्य और बसपा ने मोहम्मद इरफान को टिकट दिया है। यहां भी कड़ा मुकाबला हो सकता है।

संभल: बसपा के मुस्लिम कार्ड से भाजपा को फायदा
संभल लोकसभा सीट में सपा ने दिवंगत सांसद शफीकुर्रहमान बर्क के पोते जियाउर्रहमान को कैंडिडेट बनाया है। जबकि, भाजपा से परमेश्वर लाल सैनी और बसपा से शौलत अली मैदान में हैं। बसपा के मुस्लिम कार्ड से भाजपा को फायदा हो सकता है। हालांकि, मुकाबला त्रिकोणी दिख रहा।

फतेहपुर: भाजपा-कांग्रेस और बसपा
फतेहपुर सीकरी सीट से बीजेपी के राज कुमार चाहर का मुकाबला कांग्रेस के रामनाथ सिकरवार और बसपा के राम निवास शर्मा से होने जा रहा है।

हाथरस: भाजपा-सपा और बसपा
हाथरस लोकसभा सीट में समाजवादी पार्टी ने जसवीर वाल्मीकि, भाजपा ने अनूप वाल्मीकि और बसपा ने हेमबाबू धनगर को उम्मीदवार बनाया है। तीनों के बीच मुकाबला है। पिछला चुनाव सपा-बसपा ने मिलकर लड़ा, लेकिन भाजपा ने जीत दर्ज की थी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story