राजस्थान के मौसम में आज से बदलाव देखने को मिल सकता है। दोपहर बाद बीकानेर, जयपुर, अजमेर और जोधपुर संभाग के जिलों में तेज हवा के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

राजस्थान के मौसम में आज से बदलाव देखने को मिल सकता है। दोपहर बाद बीकानेर, जयपुर, अजमेर और जोधपुर संभाग के जिलों में तेज हवा के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 13 जिलों में अलर्ट जारी किया है। मंगलवार सुबह से जयपुर समेत कई जिलों में तेज हवाएं चल रही हैं और आसमान में घने बादल छाए हुए हैं।

18 फरवरी को रहेगा सबसे ज्यादा असर
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 17 और 18 फरवरी को राज्य के कई हिस्सों में मौसम बदलेगा। सबसे ज्यादा असर 18 फरवरी को देखने को मिल सकता है। बीकानेर, जयपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ ओले गिरने की भी आशंका है। कल यानी 18 फरवरी को करीब 25 जिलों में बदले मौसम का प्रभाव दिख सकता है।

35 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान
पिछले 24 घंटे में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आसमान साफ रहा और तेज धूप निकली। सिरोही, हनुमानगढ़ और बारां को छोड़कर अधिकांश शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ।

सबसे अधिक तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में रिकॉर्ड किया गया। दिन में गर्मी का असर साफ दिखाई दिया, हालांकि अब नए सिस्टम के चलते तापमान में हल्की गिरावट संभव है।

किन इलाकों में ज्यादा असर?
जयपुर, बीकानेर, अजमेर और जोधपुर संभाग के अलावा कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। बादल छाने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।