Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के पश्चिमी जिलों में लू जैसे हालात बनने लगे हैं। बुधवार को जैसलमेर, बाड़मेर और बालोतरा इलाके सबसे ज्यादा गर्म रहे, जहां अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बुधवार को सबसे ज्यादा तापमान बाड़मेर में 40.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जैसलमेर में 39.1 डिग्री और फलोदी में 39.2 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। इन इलाकों में दिन के समय लू का प्रभाव महसूस किया गया। खास बात यह है कि बाड़मेर में लगातार तीसरे दिन हीटवेव का असर देखने को मिला।
कई शहरों में सामान्य से 5-7 डिग्री ज्यादा तापमान
राजस्थान के कई अन्य शहरों में भी तेज गर्मी का असर रहा।
- वनस्थली (टोंक) – 38.1°C
- चित्तौड़गढ़ – 38.6°C
- जोधपुर और चूरू – 38.1°C
- भीलवाड़ा, उदयपुर और सिरोही – 37.2°C
- दौसा – 37.3°C
- कोटा और जयपुर – 37°C
इन शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया, जिससे दिन में तेज झुलसाने वाली गर्मी महसूस की गई।
8 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 14 मार्च को राज्य के 8 जिलों में आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ इलाकों में मौसम बदल सकता है। बुधवार को भी श्रीगंगानगर, बीकानेर और हनुमानगढ़ के इलाकों में दोपहर बाद हल्के बादल छाए, जिससे वहां तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई।
अगले कुछ दिनों में थोड़ी राहत संभव
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर राजस्थान के कुछ हिस्सों में देखने को मिल रहा है। इससे हीटवेव में थोड़ी राहत मिल सकती है, हालांकि तापमान में ज्यादा गिरावट की संभावना फिलहाल नहीं है।