राजस्थान में अब सर्दी का असर धीरे-धीरे कम होने लगा है। दिन और रात दोनों के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले तीन दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना है और इस दौरान तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा हो सकता है।

राजस्थान में अब सर्दी का असर धीरे-धीरे कम होने लगा है। दिन और रात दोनों के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले तीन दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना है और इस दौरान तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा हो सकता है। हालांकि, गुरुवार सुबह जयपुर समेत कई शहरों में बादल छाए रहे, लेकिन ठंड का प्रभाव पहले के मुकाबले कमजोर पड़ चुका है। बुधवार को प्रदेश के 25 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जिससे रात के समय सर्दी का असर कम महसूस किया गया।

दिन के तापमान में भी तेजी देखने को मिल रही है। अधिकतर शहरों में अधिकतम तापमान 25 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। तेज धूप निकलने से कुछ इलाकों में हल्की गर्मी का अहसास भी होने लगा है। बीते 24 घंटों में जयपुर, अजमेर, भरतपुर, उदयपुर, कोटा और जोधपुर संभाग के सभी शहरों में आसमान साफ रहा और धूप तेज रही।

वहीं, बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के कुछ इलाकों में दिन के समय हल्की धुंध देखने को मिली, जिससे धूप थोड़ी कमजोर रही। बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस चित्तौड़गढ़ में रिकॉर्ड किया गया।

जयपुर और जोधपुर में सर्दी सबसे कम
राज्य के बड़े शहरों में जयपुर और जोधपुर में सर्दी का असर सबसे कम नजर आया। बुधवार को जोधपुर में न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री और जयपुर में 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बाड़मेर में 15.6, डूंगरपुर में 15.1, जालौर और झुंझुनूं में 14.6, अजमेर में 14.9, भीलवाड़ा में 13.6, अलवर में 13.4 और जैसलमेर में 13.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।