राजस्थान में मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से 4 अप्रैल को भी राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 25 से ज्यादा जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
शुक्रवार को भी प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने कहर बरपाया। बीकानेर, श्रीगंगानगर और जैसलमेर में ओले गिरे, वहीं जयपुर में तेज अंधड़ और बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया।
लगातार सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस बना वजह
आमतौर पर मार्च के बाद वेस्टर्न डिस्टर्बेंस कमजोर पड़ जाते हैं, लेकिन इस बार स्थिति अलग है। 13 मार्च से अब तक लगातार कई सिस्टम सक्रिय हो चुके हैं, जो असामान्य माना जा रहा है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इतने कम समय में बार-बार सिस्टम बनने से मौसम का पैटर्न बदल गया है, जिसका सीधा असर खेती और आम जनजीवन पर पड़ा है।