Logo
election banner
राजस्थान के बीकानेर से बड़ी खबर है। यहां केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना का विरोध कर रहे NSUI कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। कांग्रेस NSUI के डूंगर कॉलेज के प्रेसिडेंट का सिर फूट गया। पुलिस ने NSUI सदस्यों को हिरासत में लिया है।

जयपुर। राजस्थान के बीकानेर में केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे NSUI कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। कांग्रेस NSUI के डूंगर कॉलेज के प्रेसिडेंट हरि गोदारा का सिर फूट गया। पूर्व अध्यक्ष कृष्ण गोदारा भी घायल हुए हैं। दोपहर एक बजे विरोध करने NSUI कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पर पहुंचे। पुलिस ने रोकने के लिए बैरिकेड्स लगाए। छात्र जैसे ही बैरिकेड तोड़ने लगे पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार भी किया है।  

बीकानेर कलेक्ट्रेट पर विरोध कर रहे थे  
जानकारी के मुताबिक, प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में NSUI कार्यकर्ता अग्निवीर योजना को लेकर बीकानेर कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे। कार्यकर्ता गंगा थिएटर सिनेमा के आगे बढ़े तो उन्हें रोकने के लिए पुलिस भी आगे आई। इसके बाद NSUI प्रदेशाध्यक्ष विनोद जाखड़ सहित कुछ छात्र नेताओं को अंदर जाने दिया, जबकि शेष को बाहर रोक दिया। 

आरएसी के जवानों ने कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ा का पीटा 
कुछ देर बाद स्टूडेंट्स ने बैरिकेड्स तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को अंदर जाने से रोका तो वे विरोध करने लगे। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। आरएसी के जवानों ने NSUI कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। ऐसे में अचानक अफरा-तफरी मच गई। कार्यकर्ता अलग-अलग दिशाओं में भागे। कुछ स्टूडेंट्स पुलिस के सामने हो गए। लाठीचार्ज में कई कार्यकर्ताओं को चोटें लगी हैं। 

पुलिस ने बिना कारण लाठीचार्ज किया 
एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़, कांग्रेस के प्रदेश सचिव रामनिवास कूकना, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार ने पुलिस पर दमनकारी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से जब छात्र विरोध प्रदर्शन कर रहे थे तो पुलिस ने बिना कारण लाठीचार्ज किया है।

कार्यकर्ता बोले-पुलिस ने छात्रों के साथ जो किया वह ठीक नहीं  
कार्यकर्ताओं का कहना है कि चुनाव मौके पर हैं और यदि केंद्र सरकार की गलत नीतियों का विरोध अभी नहीं करेंगे, तो कब करेंगे। जिस तरह से अग्निवीर भर्ती लागू की गई है, उससे युवाओं के साथ खिलवाड़ हुआ है। किसानों की फसल का पूरा मूल्य नहीं मिल रहा है। इन सब बातों को लेकर ही आज हम लोग विरोध प्रदर्शन करने के लिए जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन देने के लिए आए थे, लेकिन पुलिस ने छात्रों के साथ जो किया वह ठीक नहीं है।

चार दिन पहले यूथ कांग्रेस पर लाठीचार्ज 
प्रदर्शन के दौरान डूंगर कॉलेज के वर्तमान अध्यक्ष हरि गोदारा और पूर्व अध्यक्ष कृष्ण गोदारा पुलिस के सामने हो गए। लाठीचार्ज में हरी गोदारा का सिर फूट गया। खून निकलने लगा तो दौड़ कर पूर्व अध्यक्ष कृष्ण गोदारा भी उनके पास पहुंचे। बता दें कि चार दिन पहले यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर भी पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। यूथ कांग्रेसी भी बीकानेर कलेक्ट्रेट परिसर पर प्रदर्शन कर रहे थे। लाठीचार्ज में देहात यूथ कांग्रेस अध्यक्ष भंवर कूकणा और शहर अध्यक्ष प्रदीप शर्मा को गंभीर चोट आई थी। 

5379487