बीकानेर: एक परिवार में 3 की मौत से हड़कंप, जहर खाने के बाद हाथ की काटी नस, पुलिस जांच में खुलेगा सुसाइड का राज

Bikaner Suicide
X
Bikaner Suicide
राजस्थान के बीकानेर में सनसनीखेज वारदात हो गई। मंगलवार(1 अक्टूबर) को एक ही परिवार के 4 लोगों ने जहर खाने के बाद हाथ की नस काट ली। तीन की मौत हो गई। एक की हालत गंभीर है।

Bikaner Suicide: बीकानुर में मंगलवार(1 अक्टूबर) को दिल को झकझोर देने वाली घटना हुई। जयनारायण व्यास कॉलोनी में एक ही परिवार के चार लोगों ने जहर खाने के बाद हाथ की नस काट ली। तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। एक की हालत गंभीर है। एक साथ तीन लोगों की मौत से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। सुसाइड के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।

पुलिस जांच में कर्ज की बात आई सामने
जानकारी के मुताबिक, जयनारायण व्यास कॉलोनी में रहने वाले राहुल मारू, उनकी पत्नी रुचि मारू और सात साल की बेटी आराध्या मारू की मौत हो गई है। एक सदस्य को पीबीएम हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। जबकि तीनों के शव मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं। पुलिस को अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि तीनों ने सुसाइड क्यों किया? प्रारंभिक जांच में कर्ज की बात सामने आई है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि राहुल मारू कर्ज के कारण कुछ समय से तनाव में था।

10 महीने पहले भी हुआ था सामूहिक सुसाइड
बता दें कि
बीकानेर में 10 महीने पहले भी सामूहिक सुसाइड की घटना हुई थी। अंत्योदय नगर में एक परिवार के पांच सदस्यों ने एक साथ सुसाइड कर लिया था। उस समय महिला ने सुसाइड नोट में अपने ससुराल और पीहर वालों पर परेशान करने का आरोप लगाया था। हालांकि, इस ताजा मामले में अब तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

इलाके में फैली शोक की लहर
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी अब इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि परिवार ने इतनी बड़ी घटना को अंजाम क्यों दिया। जांच में वित्तीय लेन-देन और कर्ज के पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस उम्मीद कर रही है कि जल्द ही इस मामले से जुड़े कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस दुखद घटना के बाद जयनारायण व्यास कॉलोनी में शोक का माहौल है। पड़ोसी और रिश्तेदार इस अचानक घटना से हतप्रभ हैं और परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story