राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मंदिर दर्शन के लिए निकली तीन सहेलियों की एक्टिवा को एक अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसा गुलाबपुरा थाना क्षेत्र के भीलवाड़ा–अजमेर नेशनल हाईवे 48 पर सरेरी के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों महिलाएं सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
इस दुर्घटना में रेखा पुत्री गणपत लाल बलाई (28) और सीता पत्नी रामावतार धोबी (36) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 25 वर्षीय चंचल नायक गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से भीलवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उदयपुर के महाराणा भूपाल (एमबी) हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।
गुलाबपुरा थाने के एएसआई महावीर सिंह ने बताया कि तीनों महिलाएं भीलवाड़ा की रहने वाली थीं। सोमवार सुबह वे एक ही एक्टिवा पर सवार होकर भीलवाड़ा से करीब 48 किलोमीटर दूर कंवलियास के पास स्थित त्रिदेव महादेव मंदिर में दर्शन के लिए निकली थीं। इसी दौरान सरेरी के पास अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शवों को रायला के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। बताया गया है कि मृतका सीता के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं, जिन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है। फिलहाल आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।