ब्यावर-भीलवाड़ा नेशनल हाईवे (NH-158) पर बिजनेसमैन की कार की टक्कर ट्रेलर से हो गई। इसमें बिजनेसमैन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शव बुरी तरह कार में फंस गया था। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद गेट तोड़कर उनको बाहर निकाला गया। 2 दिन पहले ही उनकी सगाई हुई थी। हादसा भीलवाड़ा के मांडल इलाके के हरिपुरा चौराहे के पास शनिवार (7 फरवरी) की रात करीब 2 बजे हुआ था। कार के परखच्चे उड़ गए। कार सवार बिजनेसमैन जयपुर के रहने वाले थे। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है।

मांडल थाना SHO रोहिताश्व यादव ने बताया- नागेंद्र सिंह (30) पुत्र जीवराज की 6 फरवरी को सगाई हुई थी। नागेंद्र सिंह ने भीलवाड़ा में किराए की जमीन पर कई सोलर प्लांट लगा रखे हैं। इस कारण उनक जयपुर से भीलवाड़ा आना-जाना लगा रहता था।
शनिवार रात नागेंद्र सिंह मोड़ का निंबाहेड़ा में एक शादी समारोह में शामिल होकर कार से भीलवाड़ा की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान हरिपुरा चौराहे के पास सामने से आ रहे ट्रेलर से कार की टक्कर हो गई।

हाईवे पर यातायात प्रभावित
नागेंद्र को हाईवे एंबुलेंस की मदद से उपजिला हॉस्पिटल मांडल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

तेज रफ्तार और कम विजिबिलिटी वजह
पुलिस के अनुसार, हादसे की वजह तेज रफ्तार और कम विजिबिलिटी मानी जा रही है। रविवार दोपहर करीब 12 बजे पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया गया है।

पुलिस ने ट्रेलर जब्त किया, ड्राइवर से पूछताछ
हरिपुरा चौकी और मांडल थाने का स्टाफ मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है। उसके ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है।