Bar Council of Rajasthan के चुनावों की अधिसूचना जारी कर दी गई है। राज्य की हाई-पावर्ड इलेक्शन कमेटी की मंजूरी के बाद चुनाव कार्यक्रम घोषित किया गया है। कार्यवाहक सचिव विकास ढाका के अनुसार मतदान 22 अप्रैल को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा।
चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत 7 मार्च को अस्थायी मतदाता सूची के प्रकाशन से होगी, जबकि 21 मार्च को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। इसके बाद नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी।
कब और कैसे भरें नामांकन?
उम्मीदवार 22 से 28 मार्च तक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच जोधपुर स्थित बार काउंसिल कार्यालय में नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। नामांकन भौतिक रूप से या रजिस्टर्ड एडी/स्पीड पोस्ट के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
31 मार्च को प्रत्याशियों की प्रारंभिक सूची प्रकाशित की जाएगी। 2 अप्रैल को शाम 5 बजे तक नाम वापस लेने का अवसर मिलेगा और उसी दिन अंतिम प्रत्याशी सूची जारी कर दी जाएगी।
कितनी सीटों पर होगा चुनाव?
इस बार कुल 25 सीटों के लिए चुनाव होगा। इनमें से 23 सीटों पर प्रत्यक्ष मतदान कराया जाएगा, जबकि 2 सदस्यों का सह-नामांकन किया जाएगा। मतदान 22 अप्रैल को संपन्न होगा। इसके बाद 22 से 28 अप्रैल तक मतपेटियों का संकलन किया जाएगा और 29 अप्रैल से मतगणना शुरू होगी।