Logo
election banner
Jalandhar Adampur Suicide Case: मनमोहन सिंह द्वारा लिखे गए सुसाइड नोट में उन्होंने विवादों और कर्ज से तंग आकर यह कदम उठाने की बात कही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जालंधर सिविल अस्पताल भेज दिया है।

Jalandhar Adampur Suicide Case: पंजाब के जालंधर जिले में रविवार को एक परिवार के मुखिया ने पत्नी, दो बेटियों और नातिन की हत्या कर खुदकुशी कर ली। उसने पहले चारों का गला घोंटा, फिर खुद फांसी के फंदे पर झूल गया। शनिवार की रात जब बड़ी बेटी ने फोन किया तो नहीं उठाया। इस पर दामाद मिलने के लिए ससुराल पहुंचा। जिसके बाद पूरी वारदात की जानकारी हुई। मौके से सुसाइड नोट मिला है। जिसमें कर्ज का जिक्र है। पुलिस को संदेह है कि कर्ज से तंग आकर यह आत्मघाती कदम उठाया गया। 

दामाद घर आया तो वारदात की मिली जानकारी
यह पूरा मामला आदमपुर के डरौली खुर्द गांव का है। खुदकुशी करने वालों में पोस्ट मास्टर मनमोहन सिंह (55), उनकी पत्नी सरबजीत कौर, उनकी दो बेटियां ज्योति (32) और गोपी (31) और ज्योति की बेटी अमन (3) के रूप में हुई। मनमोहन सिंह के दामाद सरबजीत सिंह ने कहा कि वह शनिवार रात फोन पर परिवार से संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। जब सरबजीत सिंह उनके घर गए तो उन्होंने मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी को पंखे से लटका हुआ पाया, जबकि ज्योति, गोपी और अमन के शव बिस्तर पर पड़े थे।

मनमोहन पर करीब 30 लाख का कर्ज
घटना की सूचना पाकर थानाध्यक्ष मंजीत सिंह और आदमपुर के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) विजय कुंवर सिंह मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। मनमोहन सिंह द्वारा लिखे गए सुसाइड नोट में उन्होंने विवादों और कर्ज से तंग आकर यह कदम उठाने की बात कही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जालंधर सिविल अस्पताल भेज दिया है।

सुसाइड नोट में लिखा- कर्ज लेकर काम किया, सब फ्लॉप हुआ
कथित सुसाइड नोट में मनमोहन ने लिखा कि उन्होंने कर्ज लेकर मुर्गी खाना खोला। लेकिन वह फेल हो गया। जिसके बाद फिल्मिंग का काम शुरू किया, वह भी नहीं चला। कर्ज लेकर बेटे को विदेश भेजा। बताया जा रहा है कि मनमोहन पर 30 लाख से ज्यादा का कर्ज था। हालांकि इसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को नहीं थी। पुलिस ने कहा कि वह सुसाइड नोट की हैंड राइटिंग की जांच कराएगी। मनमोहन का बेटा चरनप्रीत सिंह ऑस्ट्रेलिया में रहता है। उसे वहां की सिटीजनशिप भी मिल चुकी है। दो साल पहले वह ऑस्ट्रेलिया गया था।  

5379487