बैसाखी पर्व पर श्री आनंदपुर साहिब से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस पलट गई, जिसमें 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए।

फतेहगढ़ साहिब: पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बैसाखी पर्व पर श्री आनंदपुर साहिब से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस पलट गई, जिसमें 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, बस्सी पठाना क्षेत्र के गांव मैण माजरी की संगत बैसाखी के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने गई थी। लौटते समय गांव भटेड़ी के पास अचानक बस हादसे का शिकार हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गया। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। कई घायलों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

अधिकारियों के मुताबिक, घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ का इलाज मोरिंडा और फतेहगढ़ साहिब के सिविल अस्पताल में चल रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही एसएसपी शुभम अग्रवाल, डीएसपी राजकुमार शर्मा और स्थानीय विधायक रुपिंदर सिंह मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया।

वहीं हरसिमरत कौर बादल ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।