haribhoomi hindi news
Ujjain Foreign couple marriage: अमेरिका, इटली और पेरू के 3 कपल ने रविवार (29 दिसंबर) को हिंदू रीति-रिवाज से शादी की है। उज्जैन में मंत्रोच्चार के बीच वरमाला पहनाई और जीवनभर साथ रहने का संकल्प दोहराया। 

Ujjain Foreign couple marriage: अमेरिका, इटली और पेरू के 3 कपल ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी की है। रविवार (29 दिसंबर) को यह शादी मध्यप्रदेश के उज्जैन में पूरे शानो सौकत के साथ हुई। सभी ने एक दूसरे को वरमाला पहनाई और वेदो-मंत्रोच्चार के बीच जीवनभर साथ रहने का संकल्प दोहराया। कहा, ऐसे रिवाज पूरी दुनिया में कहीं नहीं होते। 

इंदौर में हुई मेहंदी, हल्दी और संगीत की रस्म
विदेशी कपल की मेहंदी, हल्दी और संगीत की रस्म इंदौर में हुईं। इस दौरान तीनों कपल ने जमकर डांस किया। रविवार को उज्जैन के इंदौर रोड स्थित नैनोरा पहुंचे। सुबह 10.35 बजे से परमानंद योग आनंदमय पीठ में विवाह की रस्में शुरू हुईं। यहां डारियो संग मार्टिना, इअन संग गेब्रियला और मॉरजिओ संग नेल्मास ने वैदिक मंत्रोच्चारों के बीच सात फेरे हुए। यह लोग अब 3 जनवरी को इंदौर से इटली लौट जाएंगे।

योग का प्रशिक्षण लेने आए थे इंदौर 
यह तीनों कपल योग का प्रशिक्षण लेने इटली, अमेरिका और पेरू से आए इंदौर आए थे। परमानंद इंस्टीट्यूट ऑफ योगा साइंस एंड रिसर्च सेंटर में योग गुरुओं से योग की बारीकियां समझने के साथ भारतीय परंपराओं और सनातन धर्म की जानकारी ली। इस दौरान यहां पर्व त्योहार, पूजा-पाठ, वैदिक और विवाह पद्धति को पर गहनता से अध्ययन किया। साथ ही वैदिक पद्धति से विवाह करने का फैसला किया। 

यह भी पढ़ें: इंदौर में अनोखी शादी: अमेरिका, इटली और पेरु के 3 कपल लेंगे सात फेरे

तीनों ने रखे हिन्दू नाम
परमानंद योग केंद्र के प्रमुख डॉ. ओमानंद ने बताया कि विदेशी कपल भारतीय परंपराओं और वैवाहिक जीवन जी रहे लोगों से काफी प्रभावित हैं। परिवार से अनुमति लेने के बाद तीनों ने भारतीय रीति-रिवाज से शादी करने का निर्णय लिया है। खुद नाम हिन्दू रखे हैं। इनमें डारियो (विष्णु आनंद) संग मार्टिना (मां मंगलानंद), इअन (आचार्य रामदास आनंद) संग गेब्रियला (मां समानंद) और मॉरजिओ (प्रकाशानंद) संग नेल्मास (मां नित्यानंद) नाम दिए गए हैं। 

शिवपुरी में भी हुई थी ऐसी शादी 
शिवपुरी में भी ऐसी शादी हुई थी। 21 जुलाई 2024 को स्विट्जरलैंड के मार्टिन और जर्मनी की उलरिके ने हिंदू रीति रिवाज से सात फेरे लिए थे। भारतीय वेशभूषा में दोनों ने शादी की थी। शादी में 250 मेहमानों को बुलाया गया था। 10 से ज्यादा विदेशी मेहमान शामिल हुए थे। विदेशी कपल ने अध्यात्म की दुनिया से जुड़ने के लिए भारतीय संस्कृति से शादी की थी।  

7