haribhoomi hindi news
MP : मंगलवार, 21 जनवरी की शाम आकाश में एक खास दृश्य नजर आने वाला है। सूर्यास्‍त के बाद सौरमंडल के छह ग्रह पूर्व से पश्चिम तक एक कतार में आ जाएंगे।

MP : मंगलवार, 21 जनवरी की शाम आकाश में एक खास दृश्य नजर आने वाला है। सूर्यास्‍त के बाद सौरमंडल के छह ग्रह पूर्व से पश्चिम तक एक कतार में आ जाएंगे। यह आकाशीय घटना न केवल खगोलशास्त्र के प्रेमियों के लिए बल्कि आम दर्शकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकती है। नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने इस दुर्लभ आकाशीय दृश्य के बारे में जानकारी दी।

कौन से ग्रह होंगे कतार में?
सारिका ने बताया कि इस शाम ग्रहों का समूह आकाश के विभिन्न हिस्सों में फैला होगा। पूर्वी आकाश में मंगल (Mars) होगा। बृहस्पति (Jupiter) और यूरेनस (Uranus) लगभग सिर के ऊपर स्थित होंगे, पश्चिमी आकाश में नेपच्यून (Neptune), शुक्र (Venus) और शनि (Saturn) रहेंगे। यह दृश्य आकाश में शाम को दिखाई देगा। इस दौरान आप अपनी नग्न आंखों से मंगल, बृहस्पति, शुक्र और शनि को देख सकते हैं, लेकिन यूरेनस और नेपच्यून को देखने के लिए आपको टेलीस्कोप की आवश्यकता होगी।

क्या यह दुर्लभ घटना है?
सारिका ने बताया कि सोशल मीडिया पर इस घटना को कभी-कभी बढ़ा-चढ़ा कर पेश किया जाता है। दरअसल, ग्रहों की इस तरह की परेड आमतौर पर कुछ सालों में होती रहती है, हालांकि, समय और दिशा में बदलाव आता रहता है। खास बात यह है कि ये ग्रह एक-दूसरे के बहुत पास नहीं होंगे, बल्कि आकाश में 180 डिग्री के फासले पर कतार में होंगे। यह इन ग्रहों को पहचानने और उनके बारे में जानकारी हासिल करने का एक बेहतरीन अवसर है।

कैसे देखें ग्रहों की परेड?
ग्रहों की इस कतार को देखने के लिए आपको बस थोड़ा समय और आकाश की दिशा का ध्यान रखना होगा। आप अपनी आंखों से मंगल, बृहस्पति, शुक्र और शनि देख सकते हैं, लेकिन यदि आप यूरेनस और नेपच्यून देखना चाहते हैं तो टेलीस्कोप का इस्तेमाल करें।

7