सिंगरौली। मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लघाडोल थाना क्षेत्र के भाटपानी इलाके में तेज रफ्तार हाइवा वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल का इलाज जारी
हादसे में घायल युवक को तुरंत बैढ़न के जिला ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान
मृतकों में एक युवक सीधी जिले के भुईमाड का निवासी बताया जा रहा है, जबकि दूसरा मृतक और घायल सिंगरौली जिले के बरवानी क्षेत्र के रहने वाले हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने सड़क को दोनों ओर से जाम कर दिया, जिससे कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन लोगों को शांत कराने में जुटा है।
आरोपी चालक की तलाश
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है। जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।