haribhoomi hindi news
सिंगरौली के विंध्यनगर में बैंक ऑफ महाराष्ट्र में दिनदहाड़े डकैती। 5 बदमाश 15 मिनट में 15 करोड़ लूटकर फरार, फायरिंग और मारपीट की।

Singrauli Bank Robbery Case: सिंगरौली में दिनदहाड़े बैंक लूट की वारदात सामने आई है। बताया जा रहा है कि, शुक्रवार दोपहर विंध्यनगर में स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र (Bank of Maharashtra) में पांच हथियारबंद डकैत घुसे और 10 से 15 मिनट में 15 करोड़ रुपए (नगदी और सोना) लेकर फरार हो गए। इसमें 9 से 10 किलो सोना और करीब 20 लाख रुपए कैश शामिल है। डकैतों ने मैनेजर के साथ मारपीट भी की है। बैंक के अंदर लोगों को डराने के लिए फायरिंग किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।


लूटा गया सोना उन ग्राहकों का है जिन्होंने बैंक से गोल्ड लोन लिया था। आरोपी पिट्ठू बैग लेकर आए थे। एक ही लॉकर में सोना रखा था। पांचों ने बैग में सोना और कैश भरा और फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप है। जांच के लिए पुलिस अधिकारी पहुंचे हैं। इन्हें बैंक की गेट पर बन्दूक द्वारा चलाई गई गोली मिली। इलाके के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए शहर में घेराबंदी भी कर दी गई है।

डीजीपी कैलाश मकवाना भोपाल से रवाना
पुलिस टीम के साथ एसपी भी मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि, बदमाशों ने बैंक मैनेजर से लॉकर की चाबी और नगदी की जानकारी ली। जब मैनेजर ने उनकी बात मानने से मना किया तो उसके साथ मारपीट की गई। इस दौरान इन बदमाशों ने हथियारों के दम पर पूरे बैंक को कब्जे में ले लिया था। बैंक लूट की इस वारदात के सामने आने के बाद डीजीपी कैलाश मकवाना भोपाल से सिंगरौली के लिए रवाना हो गए हैं। रीवा पहुंचकर वे सड़क मार्ग से सिंगरौली पहुंच जाएंगे।

शहर के एग्जिट पॉइंट्स पर बैरिकेडिंग
बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से पुलिस आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। शहर के एग्जिट पॉइंट्स पर बैरिकेडिंग की गई है। कुल कितने की लूट हुई है इसका आंकलन किया जा रहा है। चौंकाने वाली बात है कि, जिस समय बैंक में लूट हुई उस समय गार्ड मौजूद नहीं था। बैंक कमर्चारियों और वहां मौजूद लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

7