सीधी जिले में महाशिवरात्रि के दिन पुजारी इंद्रभान द्विवेदी की हत्या। हमलावर ने 8 वार किए, आरोपी गिरफ्तार, इलाके में आक्रोश।

Sidhi News: सीधी में रविवार को एक पुजारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावर ने पुजारी पर एक के बाद एक आठ वार किए जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। कुसमी थाना क्षेत्र में इस घटना को अंजाम दिया गया। पुजारी की हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मंदिर से लौट रहा था पुजारी
जानकारी के अनुसार, हनुमान मंदिर में सालों से पुजारी का काम करने वाले इंद्रभान द्विवेदी पूजा करके मंदिर से लौट रहे थे। इसी दौरान एक युवक मोटरसाइकल से आया और एक के बाद एक 8 वार पुजारी पर कर दिया। इस हमले के बाद पुजारी सड़क पर ही गिर गए। 

गर्दन और सीने में किया वार
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि, आरोपी का नाम लाल केवट है। वो मोटरसाइकिल पर आया था। उसने पुजारी की गर्दन पर वार किए जिसके बाद पुजारी गिर गए। हमलावर यहीं नहीं रुका, उसने पुजारी के सीने में भी कई वार कर दिए। अधिक खून बहने से मौके पर ही पुजारी की मौत हो गई।

किसी से नहीं था पुराना विवाद
महाशिवरात्रि के दिन पुजारी की हत्या के बाद स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि, पुजारी का व्यवहार बहुत अच्छा था। वे स्वाभाव से काफी सरल थे। उनका किसी से कोई पुराना विवाद भी नहीं था। ऐसे में आरोपी ने किस वजह से हमला किया यह सभी जानना चाहते हैं।

एक आरोपी गिरफ्तार
मृतक पुजारी की हत्या के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। पुलिस ने सख्त एक्शन लेने की बात कही। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जांच करने के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ जारी है।