शिवपुरी में वरिष्ठ अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना की कोर्ट जाते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार बदमाश फरार, पुलिस जांच जारी।

मध्यप्रदेश। शिवपुरी जिले में  शनिवार को वरिष्ठ अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने उस समय हमला किया जब वरिष्ठ अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना कोर्ट की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 11 बजे अधिवक्ता पर हमला किया गया।

कोर्ट से कुछ दूर की गई फायरिंग
इस हत्याकांड के बाद जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बदमाशों ने कोर्ट से कुछ दूर ही वारदात को अंजाम दिया। करैरा थाना क्षेत्र की इस वारदात के बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। 

मौके पर ही मौत
बताया जा रहा है कि, वरिष्ठ अधिवक्ता संजय कुमार अपने घर से कोर्ट जा रहे थे। कोर्ट परिसर के पास अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद अधिवक्ता घायल होकर जमीन पर गिर गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
गोलीबारी की इस घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में हड़बड़ी मच गई। मौके का फायदा उठाकर बदमाश फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। शव को तुरंत पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने इसे मामले पर तुरंत कार्रवाई करते हुए हत्या का मामला दर्ज किया है।

पुलिस की एक टीम आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। अब तक आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है। हत्या की वजह जमीनी विवाद बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।