भोपाल। रंग पंचमी के अवसर पर निकलने वाले पारंपरिक चल समारोह को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पुराने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में अस्थायी रूप से कुछ बदलाव किए हैं। यह नई व्यवस्था सुबह 8 बजे से लागू रहेगी। समारोह के दौरान भीड़ और वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित की गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पुराने शहर की ओर जाने से पहले वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और समारोह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
चल समारोह का निर्धारित मार्ग
रंग पंचमी का चल समारोह जनकपुरी स्थित सुभाष चौक (सर्राफा चौक) से शुरू होगा। इसके बाद यह लोहा बाजार, जुमेराती, जनकपुरी, सिंधी मार्केट और भवानी मंदिर सोमवारा से गुजरते हुए आगे बढ़ेगा। इसके बाद जुलूस लखेरापुरा, पीपल चौक और चिंतामन चौराहे से होकर इतवारा जैन मंदिर के पास पहुंचेगा। आगे यह मंगलवारा थाने के सामने से गुजरते हुए कुंदन नमकीन, घोड़ा नक्कास और अग्रवाल पूड़ी भंडार क्षेत्र से निकलेगा।
इन मार्गों पर वाहन एंट्री रहेगी प्रतिबंधित
चल समारोह छोटे भैया कॉर्नर से आगे बढ़कर हनुमानगंज रोड स्थित हनुमान मंदिर पर समाप्त होगा। चल समारोह के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर चार पहिया और सवारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। मोती मस्जिद चौराहा से बुधवारा चौराहे की ओर, तलैया तिराहा से बुधवारा की तरफ, भारत टॉकीज से इतवारा मार्ग, चौकी इमामबाड़ा से जुमेराती रोड और नादरा बस स्टैंड से घोड़ा नक्कास की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा।
वैकल्पिक मार्गों से जारी रहेगा आवागमन
इसी प्रकार अल्पना तिराहे से नादरा बस स्टैंड और भोपाल टॉकीज चौराहे से नादरा बस स्टैंड की दिशा में आने वाले वाहनों का मार्ग भी आवश्यकता अनुसार बदला जा सकता है। काजी कैंप से सिंधी कॉलोनी जाने वाले वाहनों के लिए भी परिवर्तित मार्ग लागू रहेगा। स्थानीय पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कुछ वैकल्पिक रास्ते तय किए हैं। ताकि चल समारोहों के दौरान सामान्य यायातायात में लोगों को परेशानी न हो।
समानांतर रास्तों का इस्तेमाल करें लोग
अल्पना तिराहे से निकलने वाले वाहन समानांतर मार्ग का उपयोग करते हुए सपना लॉज तिराहा, अग्रवाल धर्मशाला और सिंधी कॉलोनी से होते हुए शाहजहांनाबाद बजरिया तिराहे तक पहुंच सकेंगे। इसके अलावा शर्मा कॉलोनी तिराहा से तीन मोहरा के रास्ते भी यातायात जारी रहेगा। तलैया से आने-जाने वाले वाहन लिली टॉकीज चौराहा होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
प्रशासन की अपील- नियमों का पालन करें
इसी तरह इमामबाड़ा क्षेत्र से निकलने वाले वाहन पीरगेट, मोती मस्जिद, रेतघाट और कमला पार्क मार्ग का उपयोग कर सकते हैं। पुलिस और प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से बचें। यदि संभव हो तो सार्वजनिक परिवहन या वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। इससे चल समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और यातायात को सुचारु रखने में मदद मिलेगी।