शुजालपुर। प्रदेश के शाजापुर जिले के शुजालपुर शहर के रहने वाले राजवर्धन सिसोदिया ने देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) में ऑल इंडिया 666वीं रैंक हासिल कर अपने शहर और प्रदेश का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि उन्हें अपने चौथे प्रयास में मिली। उनकी सफलता से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे शुजालपुर नगर में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और परिचितों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
शुजालपुर में ही पूरी की शुरुआती पढ़ाई
राजवर्धन ने अपनी स्कूली शिक्षा शुजालपुर के एक निजी स्कूल से पूरी की। हायर सेकेंडरी तक की पढ़ाई उन्होंने अपने ही शहर में रहकर की, जिसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए शुजालपुर के शासकीय जवाहरलाल नेहरू स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रवेश लिया। यहां से उन्होंने एलएलबी (कानून) की पढ़ाई पूरी की। कॉलेज के दिनों में ही उन्होंने सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य तय कर लिया था और उसी दिशा में मेहनत शुरू कर दी थी।
दिल्ली में कोचिंग, पर सेल्फ स्टडी पर भरोसा
UPSC जैसी कठिन परीक्षा की तैयारी के लिए राजवर्धन ने दिल्ली का रुख किया। वहां उन्होंने प्रसिद्ध कोचिंग संस्थान बाजीराम एंड रवि से मार्गदर्शन प्राप्त किया। हालांकि उन्होंने बताया कि कोचिंग के साथ-साथ उन्होंने सेल्फ स्टडी को सबसे ज्यादा महत्व दिया। उनका मानना है कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता पाने के लिए निरंतर अभ्यास और सही रणनीति बेहद जरूरी होती है।
रोजाना 18 से 20 घंटे तक की पढ़ाई
राजवर्धन ने अपनी तैयारी के दौरान अनुशासन और मेहनत को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी। उन्होंने बताया कि वे रोजाना लगभग 18 से 20 घंटे तक पढ़ाई करते थे। लगातार चार बार परीक्षा देने के बाद उन्हें यह सफलता मिली। उनके अनुसार असफलता से घबराने की बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा लगातार मेहनत वह कुंजी है जिससे किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है।
परिवार से मिला पूरा सहयोग
राजवर्धन सिंह की सफलता के पीछे उनके परिवार का बड़ा योगदान रहा है। उनकी बहन पेशे से एमबीबीएस डॉक्टर हैं, जो उन्हें हमेशा प्रेरित करती रही हैं। उनके पिता गजेंद्र सिंह सिसोदिया स्थानीय स्तर पर कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं। परिवार ने हमेशा राजवर्धन को पढ़ाई और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रोत्साहित किया। वह कहते हैं, परिवार के मोटीवेशन से ही वह आज इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफल हो सके हैं।
शुजालपुर क्षेत्र में खुशी का माहौल
राजवर्धन सिसोदिया की इस उपलब्धि के बाद शुजालपुर शहर में उत्साह का माहौल है। उनके रिश्तेदारों, दोस्त और स्थानीय लोग उन्हें बधाई देने घर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हमारे नजदीक का कोई युवक यह प्रतिष्ठित परीक्षा पास करने में सफल रहा है। राजवर्धन सिसोदिया के दोस्तों ने कहा कि वह उनके लिए एक प्रबल प्रेरणा के रूप से में सामने आया है। राजवर्धन की इस सफलता में हम अपनी भी सफलता देखते हैं। हम सभी को उस पर गर्व है।










