Worker Protest: पीथमपुर के औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-2 स्थित बायो स्पंज कंपनी के कमर्चारियों ने बुधवार को प्रदर्शन किया। कर्मचारी बुधवार सुबह से हड़ताल पर बैठ गए थे। ये लोग मिनिमम वेज, मैनपॉवर और बस सुविधा जैसी मांगों के लिए सड़क पर उतरे थे। कर्मचारियों ने विरोध के चलते 2 किमी पैदल मार्च भी निकाला।
बायो स्पंज कंपनी के कमर्चारियों का आरोप है कि, उन्हें शासन द्वारा पूर्व निर्धारित मिनिमम वेज का लाभ नहीं मिल रहा है। इसके चलते महंगाई के इस समय में उनका घर खर्चा निकालना बहुत कठिन हो गया है। कर्मचारियों ने यह भी बताया कि, कंपनी में मैनपॉवर कम है। इसके कारण मौजूदा कर्मचारियों पर काम का बोझ ज्यादा है।
परिवहन सुविधा पर उठे सवाल
कमर्चारियों ने बताया कि, कंपनी बस सुविधा के नाम पर उनके वेतन से कटौती कर रही है। जितने पैसे कंपनी वेतन से काट रही है वह बेहद ज्यादा है। यह गलत है। अपनी मांगों को लेकर कर्मचारियों ने मार्च निकाला। कंपनी परिसर से पैदल चलते हुए कर्मचारी विकास भवन स्थित लेबर ऑफिस पहुंचे और नारेबाजी की।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम
बताया जा रहा है कि, हड़ताल और पैदल मार्च की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन सक्रिय हो गया। नगर पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस टीम ने कर्मचारियों को शांत किया और फिर उनकी मांगें सुनीं।
फिलहाल लेबर ऑफिस में कर्मचारियों और कंपनी प्रबंधन के बीच बातचीत हुई है। बातचीत के दौरान पुलिस और अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि, दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है। आपसी सहमति से विवाद सुलझाया जाएगा।