इंदौर फैमिली कोर्ट में नारायण साईं पेश, पत्नी की तलाक और भरण-पोषण याचिका पर सुनवाई; अदालत के बाहर जुटे अनुयायी।

Narayan Sai: मध्यप्रदेश। रेप केस में सजा काट रहे आसाराम के बेटे नारायण साईं को इंदौर फैमिली कोर्ट में पेश किया गया। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बावजूद अदालत के बाहर बड़ी संख्या में उसके अनुयायी इकठ्ठा हुए। हालांकि, किसी तरह की अप्रिय घटना होने की खबर सामने नहीं आई है। फैमिली कोर्ट में एक घंटे सुनवाई के बाद साईं को पुलिस कड़ी सुरक्षा में अपने साथ ले गई। 

भरण - पोषण की राशि की मांग
जानकारी के अनुसार, इंदौर फैमिली कोर्ट में नारायण साईं की पत्नी जानकी द्वारा लगाई गई तलाक और भरण-पोषण की याचिका पर सुनवाई हुई है। जानकी द्वारा साईं से भरण - पोषण की राशि की मांग की गई है। 

गुजरात पुलिस अपने साथ ले गई वापस
पेशी के दौरान एक महिला भक्त लगातार "भगवान-भगवान" कहकर नारायण साईं को पुकारती रही। पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच उसे लेकर कोर्ट के अंदर गई। सुनवाई के लिए गुजरात पुलिस नारायण साईं को लेकर इंदौर आई थी। सुनवाई के बाद गुजरात पुलिस दोबारा उसे अपने साथ ले गई।

55 लाख रुपए बनती है राशि
साल 2018 के आदेश के अनुसार नारायण साईं को जानकी को हर महीने पचास हजार रुपए देने थे। जानकी का कहना है कि, एक भी बार यह राशि नहीं दी गई। ऐसे में ब्याज सहित कुल राशि 55 लाख रुपए से ज्यादा बनती है। 

रीओपन करवाया गया केस
इस मामले को रीओपन करने के लिए नारायण साईं के एडवोकेट ने अपील की थी। उनके अनुसार जब अदालत ने यह निर्णय दिया तब नारायण साईं जेल में था। वह साल 2013 से जेल में बंद है। ऐसे में कोर्ट ने उनका पक्ष नहीं सुना। 

बता दें कि, जानकी से नारायण साईं की शादी साल 1995 में हुई थी। वे मूलतः भोपाल की रहने वालीं हैं। अदालत की पिछली सुनवाई में नारायण पेश नहीं हुआ था। दुष्कर्म के मामले में नारायण साईं जेल की सलाखों के पीछे हैं।