इंदौर संभाग में 1 अप्रैल से MSP पर गेहूं की खरीद शुरू होगी, 1.91 लाख किसानों ने कराया पंजीयन, सरकार दे रही ₹40 बोनस, कुल भाव ₹2625 प्रति क्विंटल।

इंदौर। प्रदेश के इंदौर संभाग में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं की सरकारी खरीद 1 अप्रैल से शुरू होगी। प्रशासन ने खरीद से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इंदौर संभाग में इस बार 1.91 लाख किसानों ने गेहूं बेचने के लिए पंजीकरण कराया है। जबकि पूरे प्रदेश में 19.04 लाख किसान पंजीकरण करा चुके हैं। इस बार गेहूं खरीद का दायरा पहले से ज्यादा रहने वाला है। 

1.91 लाख किसानों का पंजीकरण  
इंदौर संभाग में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं की सरकारी खरीद एक अप्रैल से शुरू होगी। गेहूं खरीद आसानी से पूरी हो, इसकी व्यापक स्तर तैयारियां शुरू की गई हैं। इंदौर संभाग में बड़ी संख्या में किसानों ने पंजीयन कराया है। माना जा रहा है कि इस बार खरीदी का दायरा पहले की तुलना में ज्यादा रहने वाला है। इसके लिए प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं। 

कॉर्ड पंजीयन से बढ़ी उम्मीदें
इंदौर संभाग में जिलावार देखें तो इंदौर में सबसे ज्यादा 71,713 किसान पंजीकृत हैं। इसके अलावा धार में 44,466, खंडवा में 35,104, खरगोन में 27,557 और झाबुआ में 7,120 किसानों ने पंजीकरण कराया है। बड़वानी में 4,724, बुरहानपुर में 523 और अलीराजपुर में 476 किसान भी इस प्रक्रिया का हिस्सा बने हैं।

कुछ क्षेत्रों में 7 अप्रैल से खरीद
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के अनुसार, इंदौर के साथ उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभागों में 1 अप्रैल से खरीदी शुरू होगी, जबकि अन्य क्षेत्रों में यह प्रक्रिया 7 अप्रैल से लागू की जाएगी। खरीदी का समय सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक रहेगा और यह केवल सरकारी कार्यदिवसों में ही संचालित होगी।

MSP के साथ बोनस का फायदा
इस बार एमएसपी के साथ प्रति क्विंटल ₹40 का बोनस भी दिया जाएगा। इसके बाद गेहूं का कुल खरीद मूल्य ₹2,625 प्रति क्विंटल हो जाएगा। यह कदम किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें बेहतर दाम देने के उद्देश्य से उठाया गया है। पिछले साल की तुलना में इस बार 3.5 लाख अधिक किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।