मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। रविवार से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।

भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। रविवार से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है, जो अगले चार दिनों तक जारी रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और ट्रफ लाइन की सक्रियता के कारण प्रदेश में यह बदलाव देखने को मिलेगा। 30 और 31 मार्च को इसका असर सबसे ज्यादा रहने की संभावना है, जब कई जिलों में तेज मौसम गतिविधियां दर्ज की जाएंगी।

ग्वालियर-चंबल संभाग में इस दौरान ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है। खासतौर पर ग्वालियर, भिंड और दतिया जिलों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है।

शनिवार को प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में सक्रिय रहा मौसम सिस्टम अब आगे बढ़ रहा है, जिससे रविवार से इसका प्रभाव व्यापक रूप से दिखाई देगा। अगले 24 घंटे में ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग में तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

प्रदेश के कई हिस्सों में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे। मौसम विभाग का कहना है कि 30 मार्च से सिस्टम और अधिक सक्रिय होगा, जिससे भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, सागर और रीवा संभाग के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी का असर देखने को मिलेगा।

31 मार्च को भी मौसम का यही मिजाज बना रहेगा। हालांकि 1 अप्रैल से यह सिस्टम कमजोर पड़ने लगेगा, लेकिन इसके बावजूद 20 से अधिक जिलों में हल्की बारिश होने के संकेत हैं।