MP Weather Update: मध्य प्रदेश में इस साल गर्मी ने तय समय से पहले ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मार्च के शुरुआती दिनों में ही प्रदेश के कई शहरों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और कई जगहों पर पारा 39 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले चार दिनों के भीतर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को अप्रैल जैसी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
गुरुवार को नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा खजुराहो में 36.8 डिग्री, धार में 36.6 डिग्री, दमोह, सागर और श्योपुर में 36.4 डिग्री, रतलाम में 36.2 डिग्री तथा गुना और टीकमगढ़ में करीब 36 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं शाजापुर, मंडला और सतना में भी पारा 35 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। बड़े शहरों की बात करें तो इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में तापमान 35 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया, जबकि भोपाल में यह 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के पूर्वी हिस्से से एक टर्फ लाइन और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, लेकिन इसका मध्य प्रदेश में ज्यादा असर नहीं पड़ रहा। आसमान साफ रहने के कारण सूर्य की तेज किरणें सीधे जमीन पर पड़ रही हैं, जिससे दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। यही वजह है कि मार्च के दूसरे पखवाड़े में पड़ने वाली गर्मी इस बार महीने की शुरुआत में ही महसूस होने लगी है।
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में सबसे ज्यादा गर्मी दर्ज की जा रही है, जहां तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री अधिक है। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है और कई शहरों में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है।
विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस साल अप्रैल और मई सबसे ज्यादा गर्म रह सकते हैं। इन महीनों में प्रदेश के कई जिलों, खासकर ग्वालियर, चंबल, रीवा, शहडोल, जबलपुर और सागर संभाग में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी तेज गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है। हालांकि फिलहाल मार्च में लू चलने की संभावना नहीं बताई गई है, लेकिन दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड का मिश्रित मौसम बना रह सकता है।









