कुश अग्रवाल - बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 100 साल पुराने एसडीएम कार्यालय भवन में अचानक आग लग गई। सुबह लगभग 6 बजे भवन से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तुरंत प्रशासन और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।
सुबह 6 बजे दिखा धुआं, लोगों ने दी सूचना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 6 बजे एसडीएम कार्यालय भवन से धुआं निकलता दिखाई दिया। आसपास मौजूद लोगों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत प्रशासन और दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर 3 से 4 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गईं और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया गया।
दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत जारी
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। दमकल विभाग की टीम लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। आग भवन के अंदरूनी हिस्से में फैलने की आशंका को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है, ताकि नुकसान को कम से कम किया जा सके।
#बलौदाबाजार में करीब 100 साल पुराने SDM कार्यालय भवन में शुक्रवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और महत्वपूर्ण रिकॉर्ड सुरक्षित करने में जुटी हैं।@BalodaBazarDist #SDMOfficeFire pic.twitter.com/BoEDHejFV9
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 6, 2026
रिकॉर्ड रूम तक आग पहुंचने की आशंका
आग की लपटें रिकॉर्ड रूम की ओर बढ़ने की आशंका के चलते प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद से भवन की दीवार तोड़कर रिकॉर्ड बाहर निकालने की तैयारी की जा रही है, ताकि राजस्व विभाग के जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रह सकें।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन का कहना है कि, आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही कारण स्पष्ट हो पाएगा।
अंग्रेजों के समय का बना हुआ है भवन
बताया जा रहा है कि बलौदा बाजार का यह एसडीएम कार्यालय भवन करीब 100 साल से भी अधिक पुराना है और इसका निर्माण अंग्रेजों के समय में किया गया था। वर्तमान में भी राजस्व विभाग का कामकाज इसी ऐतिहासिक भवन से संचालित होता है।









