भोपाल। मध्य प्रदेश में अब सर्दी का असर धीरे-धीरे कम होता दिखाई दे रहा है। हालांकि इन दिनों पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है, लेकिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम गर्म होने लगा है। मध्य प्रदेश के 15 से अधिक शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री से अधिक दर्ज किया जा रहा है। इसका अर्थ है कि सर्दी का तीखा प्रभाव अब धीरे-धीरे समाप्ति की ओर बढ़ रहा है और मौसम बदलने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के भोपाल केंद्र के अनुसार अज 13 से 16 फरवरी के बीच हिमालयी क्षेत्र में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुए हैं। इनका मुख्य असर पहाड़ी इलाकों में दिखाई देगा, जबकि मध्य प्रदेश में इनका प्रभाव सीमित रहेगा। फिलहाल एक मौजूदा सिस्टम के कारण प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में हल्के बादल देखे जा रहे हैं और कुछ जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आने वाले एक-दो दिनों तक हल्की ठंड महसूस हो सकती है, लेकिन उसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों में हो रही बर्फबारी और उसके बाद बर्फ पिघलने की प्रक्रिया से मौसम में हल्का उतार-चढ़ाव आ सकता है। संभव है कि हल्की सर्दी का एक छोटा दौर फिर महसूस हो, लेकिन कड़ाके की ठंड लौटने की संभावना कम ही दिखाई देी है। 14 और 15 फरवरी को कुछ जिलों में हल्का कोहरा रह सकता है, हालांकि बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। दिन में बादल छाने की संभावना बनी हुई है।
आंकड़ों के अनुसार धार, नर्मदापुरम, इंदौर, खंडवा, खरगोन, रतलाम, उज्जैन, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर और सिवनी सहित कई शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया है। जबकि, रात के समय नर्मदापुरम और सागर में तापमान 17 डिग्री या उससे ऊपर पहुंच गया। पचमढ़ी में सबसे कम 8.2 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं खजुराहो, मंदसौर, कटनी, रीवा और राजगढ़ में भी न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री के बीच रहा।
