MP Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के भोपाल केंद्र के अनुसार मध्य प्रदेश में गर्मी ने अब तेज तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को सीजन में पहली बार तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच गया। छतरपुर जिले के खजुराहो में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए 16 जिलों में हीट वेव यानी लू का अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में चेतावनी दी गई है, उनमें अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, धार, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना शामिल हैं।
भीषण गर्मी के चलते स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है। राजधानी भोपाल में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर स्कूल अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगे। इसके अलावा नर्मदापुरम, ग्वालियर, बालाघाट, मैहर, रतलाम, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, रायसेन, डिंडोरी, अनूपपुर और उमरिया जिलों में भी नई टाइमिंग लागू की गई है।
शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। उमरिया में 42.9 डिग्री, टीकमगढ़-नौगांव में 42.8 डिग्री, मंडला में 42.5 डिग्री, दमोह, गुना और दतिया में 42.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं सागर और सतना में 41.8 डिग्री, छिंदवाड़ा में 41.6 डिग्री और नर्मदापुरम-शाजापुर में 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश के बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री रहा, जबकि भोपाल और ग्वालियर में 41.3 डिग्री, इंदौर में 40.6 डिग्री और उज्जैन में 40.5 डिग्री दर्ज किया गया। कई इलाकों में लू भी चली, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।