Logo
मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह से पंपों पर भीड़ बढ़ी। भोपाल में प्रशासन सख्त, दी चेतावनी-अफवाह फैलाने पर दर्ज की जाएगी एफआईआर।

भोपाल। मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैली अफवाहों ने आम लोगों में घबराहट पैदा कर दी है। बीते कुछ दिनों से प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई है। लोग बिना जरूरत के टैंक फुल करा रहे हैं, जिससे कई जगह अव्यवस्था की स्थिति बन गई। प्रशासन ने साफ किया है कि राज्य में ईंधन की कोई कमी नहीं है, फिर भी अफवाहों ने हालात बिगाड़ दिए हैं।  

बढ़ी सख्ती, अफवाह फैलाने पर कार्रवाई
भोपाल जिला प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त चेतावनी जारी की है। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से झूठी जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि ऐसी अफवाहें कानून-व्यवस्था को प्रभावित कर सकती हैं और आम लोगों में अनावश्यक डर पैदा करती हैं।

रीवा में सुबह से ही लग जाती हैं कतारें
रीवा जिले में हालात काफी तनावपूर्ण हैं । यहां सुबह से ही लोग पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं। पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें लग जाती हैं। स्थिति को संभालने के लिए कई जगह पुलिस बल तैनात करना पड़ा। हालांकि, कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है और किसी तरह की किल्लत नहीं है। इसके बाद भी पेट्रोल पंपों पर भीड़ कम नहीं हो रही है। 

रायसेन में लिमिट तय, किसानों की बढ़ी मांग
रायसेन जिले में बढ़ती मांग को देखते हुए प्रशासन ने पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर सीमा तय कर दी है। यहां एक व्यक्ति को सीमित मात्रा में ही ईंधन दिया जा रहा है। फसल कटाई के चलते किसानों की डीजल की जरूरत भी बढ़ गई है, जिससे पंपों पर दबाव और बढ़ गया है। पंप अब लोगों को तय सीमा में ही डीजल और पेट्रोल दे रहे हैं।  

नायरा ने बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम
दमोह में भी पेट्रोल पंपों पर भीड़ लगातार बढ़ रही है। लोग सामान्य जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं। पंप संचालकों का कहना है कि स्टॉक फिलहाल पर्याप्त है, लेकिन इसी तरह भीड़ बनी रही तो सप्लाई प्रभावित हो सकती है। कुक्षी और बाग क्षेत्रों में निजी कंपनी नायरा ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। इसके बाद यहां भीड़ में कुछ कमी देखने को मिली है। इससे संकेत मिलता है कि दाम बढ़ने के बाद लोग थोड़ा सतर्क हुए हैं।

प्रशासन ने जनता से की अपील
अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें। पेट्रोल और डीजल की देश में कोई कमी नहीं है। प्रदेश में पेट्रोल या डीजल की कोई कमी नहीं है। प्रशासन लगातार पेट्रोल पंपों की निगरानी कर रहा है और स्थिति को नियंत्रण में बनाए रखने की कोशिश कर रहा है। 

7