भोपाल। मध्य प्रदेश में आज मंगलवार को माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाईस्कूल परीक्षा के तहत आज अंग्रेजी का पेपर है। परीक्षा सुबह नौ बजे से हुई, जो दोपहर 12 बजे तक चलेगी। इस साल पहली बार एक साथ करीब 9 लाख छात्र परीक्षा दे रहे हैं। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं की परीक्षाएं भी मंगलवार से ही शुरू हो गई हैं। छात्र सुबह 10:30 बजे से मैथ्स का पेपर दे रहे हैं। भोपाल रीजन से करीब 1.25 लाख छात्र सीबीएसई परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। प्रशासन और शिक्षा विभाग ने शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षाएं संपन्न कराने के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था की है। परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए गए हैं।
छात्रों में उत्साह, मनोबल बढ़ाते दिखे परिजन
भोपाल समेत प्रदेशभर के परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही विद्यार्थियों की भीड़ देखने को मिली। छात्र समय से पहले केंद्रों पर पहुंच गए। वहीं शिक्षक और परिजन बच्चों का हौसला बढ़ाते नजर आए। परीक्षा केंद्रों पर शिक्षक व्यवस्थाओं को लेकर परेशान होते दिखे। इसके बाद सुबह 9 बजे से परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। अब तक प्रदेश में कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। पूरे प्रदेश में शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
इससे पहले हो चुके हैं हाईस्कूल के दो पेपर
इससे पहले हाईस्कूल के दो पेपर हो चुके हैं, लेकिन उनमें सभी छात्र शामिल नहीं थे। पहला पेपर शुक्रवार को उर्दू का हुआ था। दूसरा पेपर शनिवार को राष्ट्रीय कौशल योग्यता फ्रेमवर्क (NSQF) के विषयों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का आयोजित किया गया था। इस लिए इन परीक्षाओं में तुलनात्मक रूप से कम भीड़ देखने को मिली थी। लेकिन आज मंगलवार को अंग्रेजी के पेपर में बड़ी संख्या में छात्र विभिन्न परीक्षा केंद्रों में परीक्षा देते दिखाई दिए।
रीजन से CBSE परीक्षा देंगे 1.25 लाख छात्र
इधर, मंगलवार से ही केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं की परीक्षाएं भी शुरू हो गई हैं। छात्र सुबह 10:30 बजे से मैथ्स का पेपर दे रहे हैं। परीक्षा केंद्रों पर रिपोर्टिंग टाइम सुबह 9:30 बजे रखा गया था। भोपाल रीजन में करीब 1.25 लाख छात्र सीबीएसई की परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। पूरे प्रदेश में कुल 496 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 34 केंद्र भोपाल में स्थित हैं। प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
