बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर महू में नेताओं का ताता लगा हुआ है। जन्मस्थली महू समेत एमपी के अलग-अलग जिलों में कार्यक्रम आयजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव में भोपाल में भीमराव अंबेडकर की जयंती पर पुण्य स्मरण कर उन्हें नमन किया है। इसके बाद वे महू में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि, आधुनिक भारत के निर्माण में उनका योगदान अतुलनीय है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि, "बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने शिक्षा और समानता के जरिए महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को गति दी। समता, न्याय और अधिकारों पर आधारित सशक्त भारत की जो नींव आपने रखी, वह आज भी राष्ट्र निर्माण का पथ प्रशस्त कर रही है। वंचितों, शोषितों और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए आपका संघर्ष और विचार हम सभी के लिए जनकल्याण की आदर्श प्रेरणा का शाश्वत स्रोत हैं।"
"आधुनिक भारत के निर्माण में श्रद्धेय डॉ. अम्बेडकर जी का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने भारतीय संविधान का निर्माण कर समतामूलक समाज की स्थापना के लिए सभी वर्गों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की।"
इधर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी महू पहुंचे। जीतू पटवारी जी ने बाबा साहेब की जन्मस्थली डॉ. अंबेडकर नगर (महू) स्थित प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने भाजपा पर हमला बोला।
पटवारी ने कहा कि, "भाजपा बाबा साहब के संविधान से खिलवाड़ करती है। यदि उन्हें बाबा साहब से प्रेम है तो दलितों और OBC पर अत्याचार क्यों? जो बाबा साहब के संविधान को रोज तार-तार करते हैं, वे भी बाबा साहब के आगे हाथ जोड़कर फोटो खिंचवा रहे हैं। बाबा साहब को सच्ची श्रद्धांजलि तभी मानी जाएगी, जब सरकार SC, ST और OBC के बैकलॉग पदों को एक महीने में भरने का काम पूरा करे।"
(मध्यप्रदेश के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)