श्री पंच अग्नि अखाड़े के महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी पर एक युवती ने दुष्कर्म के आरोप लगाए हैं और दिल्ली पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। जानें पूरी खबर विस्तार से।

भोपाल। श्री पंच अग्नि अखाड़े के महामंडलेश्वर और कथावाचक उत्तम स्वामी पर राजस्थान की एक युवती ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। युवती ने 12 फरवरी को दिल्ली पुलिस आयुक्त को ई-मेल भेजकर अपने लिए तत्काल पुलिस सुरक्षा की मांग की है। युवती का कहना है कि वह औपचारिक रूप से शिकायत दर्ज कराना चाहती है, लेकिन जैसे ही आरोपी पक्ष को इसकी जानकारी मिली, उसे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से धमकियां मिलने लगीं। उसने आरोपी की ऊंची राजनीतिक पहुंच का जिक्र करते हुए कहा है कि उसे तुरंत पुलिस सुरक्षा की जरूरत है। आरोपी महामंडलेश्वर और कथावाचक उत्तम स्वामी के कई राज्यों के मुख्यमंत्री और मंत्री शिष्य हैं।  

पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने धर्म और आध्यात्मिक प्रभाव का इस्तेमाल कर कई सालों तक उसका यौन शोषण किया। उसने आरोप लगाया कि जब वह नाबालिग थी, उसी समय से उसे बहला-फुसलाकर और डराकर गलत कृत्य किए गए। विरोध करने पर उसे चुप रहने के लिए दबाव डाला गया। आरोपी के प्रभावशाली अनुयायी वर्ग और सामाजिक पहुंच के कारण वह लंबे समय तक शिकायत दर्ज नहीं करा सकी। अब जब उसने कानूनी कदम उठाने का निश्चय किया है, तो उसे समझौते के लिए दबाव और धमकियां मिल रही हैं।

ई-मेल में युवती ने आशंका जताई है कि आरोपी के पास संसाधन और प्रभाव इतना है कि वह गवाहों को प्रभावित कर सकता है, सबूतों से छेड़छाड़ हो सकती है या उसे शारीरिक नुकसान पहुंचाया जा सकता है। उसने यह भी लिखा है कि उसके और उसके परिवार से जुड़ी निजी जानकारियां जुटाई जा रही हैं, जिससे उसे अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा महसूस हो रहा है। उसने कहा कि आरोपी अपनी ऊंची पहुंच का फायदा उठाकर उसे गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है।

इसलिए उसने अपने वर्तमान निवास पर 24 घंटे पुलिस सुरक्षा देने और उसकी पहचान गोपनीय रखने की मांग की है। युवती ने कहा कि उसके पास आरोपों से संबंधित प्रमाण मौजूद हैं। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके साथ दुष्कर्म के अलावा धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात जैसे अपराध भी किए गए। इस घटनाक्रम के बाद मामले ने राजनीतिक रूप ले लिया है। कांग्रेस के कुछ नेताओं ने आरोपों की निष्पक्ष जांच और संबंधित लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है।  
(एपी सिंह)