उज्जैन महाकाल मंदिर की भस्म आरती में उल्का गुप्ता, किंजल दवे, मोनल गज्जर और सुनील जोशी शामिल हुए। सेलेब्स ने नंदी पूजन कर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया, दिव्य माहौल का अनुभव साझा किया।

उज्जैन। उज्जैन के महाकाल मंदिर में बुधवार तड़के भस्म आरती के दौरान खास नजारा देखने को मिला, जब टीवी अभिनेत्री उल्का गुप्ता, सिंगर किंजल दवे और अन्य सेलेब्स भगवान महाकाल के दर्शन करने पहुंचे। सभी ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और मंदिर के दिव्य माहौल का अनुभव किया।

नंदी पूजन और मनोकामना का संकल्प 
आरती में शामिल होने से पहले सभी श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज का पूजन किया। परंपरा के अनुसार उन्होंने नंदी जी के कान में अपनी इच्छाएं व्यक्त कीं और भगवान से आशीर्वाद मांगा। मंदिर की धार्मिक मान्यता के अनुसार, नंदी के माध्यम से कही गई प्रार्थनाएं सीधे भगवान शिव तक पहुंचती हैं। इसी आस्था के चलते श्रद्धालु इस परंपरा का पालन करते हैं। भस्म आरती के दौरान मंदिर में अनुशासन और परंपरा का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

दर्शन के बाद हुआ सम्मान
आरती पूर्ण होने के बाद सभी अतिथियों ने गर्भगृह में जाकर भगवान महाकाल के दर्शन किए और जल अर्पित किया। इस दौरान मंदिर समिति की ओर से उनका सम्मान भी किया गया। मंदिर प्रशासन ने सभी आगंतुकों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। उनका यह दौरा पूरी तरह धार्मिक रहा। इस दौरान वे लगातार श्रद्धा और भक्ति के भाव से ओतप्रोत दिखाई दिए।  

उल्का गुप्ता ने साझा किया अनुभव 
टीवी अभिनेत्री उल्का गुप्ता ने कहा यह उनके जीवन का सबसे खास अनुभव रहा। उन्होंने बताया मंदिर के भीतर का वातावरण अत्यंत दिव्य और ऊर्जा से भरपूर था। उनके अनुसार, आरती के दौरान का समय कब बीत गया, इसका एहसास ही नहीं हुआ। शिवलिंग का श्रृंगार और पूजा को करीब से देखना उनके लिए बेहद अद्भुत अनुभव रहा। उन्होंने कहा भस्म आरती के समय गूंजते मंत्र और श्रद्धालुओं की तालियों ने माहौल को और दिव्य बना दिया। उल्का गुप्ता ने कहा हर व्यक्ति को जीवन में कम से कम एक बार यहां जरूर आना चाहिए।