Jungle Satyagraha Premiere Show: मध्य प्रदेश विधानसभा में सोमवार (13 जनवरी) को 'जंगल सत्याग्रह' की गूंज सुनाई दी। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस-भाजपा के तमाम नेताओं को फिल्म का प्रीमियर शो देखने का न्योता दिया, लेकिन BJP का कोई भी नेता शो देखने नहीं पहुंचा। बैतूल के आदिवासियों के संघर्ष पर आधारित फिल्म को देखने जीतू पटवारी, उमंग सिंघार सहित कांग्रेस के दिग्गज नेता पहुंचे। फिल्म में 1930 में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जल, जंगल और जमीन के लिए आदिवासी नायकों का संघर्ष दिखाया। कांग्रेस नेताओं ने फिल्म के कलाकारों का अभिनंदन किया और बधाई दी।
आज पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय दिग्विजय सिंह जी द्वारा आयोजित ‘जंगल सत्याग्रह’ फिल्म के प्रीमियर शो में पूरे कांग्रेस परिवार के साथ शामिल होने का अवसर मिला।@digvijaya_28 pic.twitter.com/FjEMNB7K3I
— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) January 13, 2025
BJP नेता नहीं पहुंचे, कांग्रेसियों ने देखी फिल्म
दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, वीडी शर्मा, उमा भारती, नरेन्द्र सिंह तोमर सहित भाजपा के दिग्गज नेताओं को प्रीमियर शो देखने के लिए आमंत्रित किया था। दिग्विजय के बुलावे पर फिल्म के प्रीमियर शो में एक भी भाजपा नेता शामिल नहीं हुए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, कांतिलाल भूरिया, ओंकार सिंह मरकाम, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, कमलेश्वर पटेल, एपी सिंह सहित कांग्रेस के अन्य नेताओं ने जंगल सत्याग्रह' फिल्म का प्रीमियर शो देखा।
आदिवासियों ने जल-जंगल की रक्षा के लिए प्राणों की आहुति दी
दिग्विजय ने कहा कि यह फिल्म हमें याद दिलाती है कि कैसे मध्यप्रदेश के आदिवासी नायकों ने 1930 में अंग्रेजी हुकूमत के अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद कर अपने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए प्राणों की आहुति दे दी। बैतूल के एक सुशिक्षित आदिवासी डॉ. प्रदीप उइके ने जंगल सत्याग्रह पर एक फीचर फिल्म बनाई है। मैं उन्हें बधाई देता हूं।
आज पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय दिग्विजय सिंह जी द्वारा आयोजित ‘जंगल सत्याग्रह’ फिल्म के प्रीमियर शो में कांग्रेस परिवारजन एवं वरिष्ठ नेताओं के साथ शामिल होने का अवसर मिला। यह फिल्म बैतूल अंचल के आदिवासी नायकों द्वारा अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जल, जंगल और जमीन के लिए किए गए संघर्ष को… pic.twitter.com/2tSPuWHvlv
— Umang Singhar (@UmangSinghar) January 13, 2025
फिल्म के सभी कलाकारों हार्दिक बधाई
PCC चीफ जीतू पटवारी ने एक्स पर लिखा है कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जी द्वारा आयोजित 'जंगल सत्याग्रह' फिल्म के प्रीमियर शो में पूरे कांग्रेस परिवार के साथ शामिल होने का अवसर मिला। उमंग सिंघार ने लिखा है कि यह फिल्म बैतूल अंचल के आदिवासी नायकों द्वारा अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जल, जंगल और जमीन के लिए किए गए संघर्ष को बखूबी दर्शाती है। फिल्म के डायरेक्टर प्रदीप उईके और सभी कलाकारों को मेरी ओर से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।

3 साल में खोजी फिल्म की कहानी
फिल्म डायरेक्टर प्रदीप उईके का कहना है कि 3 साल में फिल्म की पूरी कहानी खोज पाई। फिल्म को बनाने के लिए समाज के लोगों से मदद मांगी। आदिवासियों पर बनी फिल्म के लिए एक करोड़ तक राशि जुटाने में बहुत संघर्ष करना पड़ा। फिल्म में रोल निभाने वाले पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे ने कहा कि फिल्म के माध्यम से हमने स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन में आदिवासी नायकों के योगदान को दिखाने का प्रयास किया है। विषम परिस्थितियों होने के बाद भी आदिवासी नायकों ने हथियार लेस अंग्रेजों से कड़ा मुकाबला किया। अपने प्राणों की आहुति दी। आने वाली पीढ़ी इन नायकों से सीख ले यही हमारा प्रयास है।
बैतूल के आदिवासियों ने फूंका था बिगुल
स्वतंत्रता संग्राम के दौरान एक बहुचर्चित आंदोलन 'जंगल सत्याग्रह' में बैतूल के आदिवासियों ने अंग्रेजों के खिलाफ 1930 में विद्रोह का बिगुल फूंका था। आंदोलन में आदिवासी नायक सरदार गंजन सिंह कोरकू, सरदार विष्णु सिंह गोंड, ठाकुर मोहकम सिंह, रामजी कोरकू और जुगरू गोंड के अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ किए संघर्ष को फिल्म में दिखाया है। फिल्म में पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे और धरमू सिंह सिरसाम ने भी किरदार निभाए हैं।