Madhya Pradesh Today News Hindi: देश का दिल कहे जाने वाले एमपी की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'एमपी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और एमपी की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं। 

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें; MP Live Update

  • कांग्रेस एक बार फिर  इंदौर प्रत्याशी के लिए पहुंची हाईकोर्ट
    इंदौर लोकसभा सीट पर कांग्रेस के सब्स्टीट्यूट कैंडिडेट मोती सिंह पटेल का नामांकन स्वीकार नहीं करने पर पार्टी फिर हाईकोर्ट पहुंच गई है। उसने इंदौर हाईकोर्ट की एकलपीठ के याचिका खारिज करने के फैसले को खंडपीठ में चुनौती दी है। इसकी सुनवाई 3 मई 2024 को होगी। कोर्ट अपीलकर्ता और चुनाव आयोग दोनों का पक्ष सुनेगा। 

    बता दें, कांग्रेस की ओर से जारी फॉर्म-B में अक्षय कांति बम के साथ सब्स्टीट्यूट कैंडिडेट के रूप में पटेल का नाम दिया था। स्क्रूटनी में पटेल का नामांकन खारिज कर दिया गया था। इसके बाद मुख्य प्रत्याशी अक्षय ने भी 29 अप्रैल को नाम वापस ले लिया। अब कांग्रेस चाहती है कि सब्स्टीट्यूट कैंडिडेट मोतीसिंह पटेल को नामांकन स्वीकार करते हुए उन्हें चुनाव लड़ने का मौका दिया जाए।

  • 19 बच्चों के साथ किया गया यौन शोषण
    उज्जैन के दंडी आश्रम में बच्चों से कुकर्म करने के दूसरे आरोपी अजय ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सेवादार ठाकुर को बुधवार देर रात सीहोर जिले के आष्टा से पकड़ा गया। गुरुवार सुबह 6 बजे पुलिस उसे उज्जैन लेकर आई। बड़नगर मार्ग स्थित दंडी सेवा आश्रम में संचालित गुरुकुल में 19 बच्चों से यौन शोषण के खुलासे के बाद पुलिस ने आचार्य राहुल शर्मा और सेवादार अजय ठाकुर पर अलग-अलग 3 केस दर्ज किए हैं। आचार्य राहुल शर्मा को आश्रम के संचालक संत गजानंद सरस्वती ने खुद पुलिस बुलाकर गिरफ्तार करा दिया था। सेवादार फरार था।
  • नड्डा आज सिरोंज में करेंगे सभा, प्रियंका गांधी मुरैना में भरेंगे हुंकार
    बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गुरुवार को शाम 5 बजे सागर लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले विदिशा जिले के सिरोंज में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। सीएम मोहन यादव और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा भी मौजूद रहेंगे। बीजेपी ने सागर लोकसभा सीट पर लता वानखेड़े को प्रत्याशी बनाया है। मुरैना में प्रियंका गांधी जनसभा को संबोधित करेंगी। दोपहर 1 बजे प्रियंका जनसभा करेंगी।
  • मोहन यादव पांच जिलों में करेंगे जनसभा
    सीएम मोहन यादव उज्जैन, मंदसौर, देवास, राजगढ़ और सागर लोकसभा में चुनाव सभा करेंगे। सुबह 9.40 बजे सीएम उज्जैन में आयुष्मान विस्तार के फार्म भरवाएंगे। सुबह 11:30 बजे मंदसौर के जावरा में जनसभा करेंगे। दोपहर 12:40 देवास के आगर में जनसभा में शामिल होंगे।दोपहर 2 बजे राजगढ़ के नरसिंहगढ़ में जनसभा करेंगे। दोपहर 3:10 चाचौड़ा में जनसभा में शामिल होंगे। शाम 4:55 सागर में जेपी नड्डा के साथ जनसभा में शामिल होंगे।
  • एमपी में पांच दिन चलेगी गर्म हवा
    मध्यप्रदेश में मई के महीने में 5 से 8 दिन हीट वेव, यानी गर्म हवा चलेगी। प्रदेश के पूर्वी हिस्से के अलावा ग्वालियर-चंबल में असर ज्यादा रहेगा। 10 से 17 मई के बीच और महीने के आखिरी दिनों में भीषण गर्मी पड़ सकती है। IMD (भारत मौसम विज्ञान विभाग) ने यह अनुमान जताया है। मई में प्रदेश में सामान्य से अधिक बारिश भी हो सकती है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने से ऐसा होगा। इससे पहले मई के पहले ही दिन प्रदेश के 9 शहरों में दिन का टेम्प्रेचर 40 डिग्री के पार रहा। सबसे गर्म खरगोन रहा। यहां पारा 42.4 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने 3 और 4 मई को गर्म हवाएं चलने का अनुमान जताया है। यहां पढ़ें मौसम की पूरी खबर...