Madhya Pradesh Today News Hindi: देश का दिल कहे जाने वाले एमपी की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'एमपी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और एमपी की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं।

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें; MP Live Update  

  • भाजपा नेता शिव पटेल की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु
    जबलपुर: भाजपा के पूर्व ग्रामीण अध्यक्ष शिव पटेल की पत्नी कबिता पटेल (55) की संदिग्ध परिस्थितियों में उपचार के दौरान अस्पताल में मृत्यु हो गई। पुलिस को सूचना मिलने पर शव को पंचनामा कार्यवाही के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण को विवेचना में लिया है। बता दें कि एक साल पूर्व ही उनके इकलौते पुत्र की नर्मदा नदी में डूबने से मौत हो गई थी।
  • सीएम मोहन यादव की इन जिलों में चुनावी सभा
    सीएम मोहन यादव रविवार को बैतूल, देवास, राजगढ़ और भोपाल लोकसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री सुबह 11.15 बजे बैतूल के घोड़ाडोंगरी विधानसभा के मलाजपुर जाएंगे। दोपहर 12 बजे देवास लोकसभा के कालापीपल विधानसभा के पोलायकला में जनसभा को संबोधित करेंगे। 2 बजे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक स्व. शालिग्राम तोमर के निवास पहुंचकर परिजनों से भेंट करेंगे। दोपहर 2.45 बजे राजगढ़ के सुसनेर में जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 3.45 बजे नलखेड़ा पहुंचकर मां बगलामुखी के दर्शन पूजन करेंगे। शाम 7 बजे भोपाल लोकसभा की हुजूर विधानसभा के कोलार में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो करेंगे।
  • बंडा से भाजपा विधायक की गाड़ी पर पत्थर से हमला
  • शादी से लौट रहे भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी की कार पर शनिवार रात पत्थर से हमला किया गया। पत्थर लगने से विधायक की गाड़ी का कांच टूटा गया। घटना सागर के बरायठा थाना क्षेत्र के करई गांव के पास स्थित सिलोट नदी के घाट की है। घटना की सूचना मिलते ही सागर की बंडा विधानसभा से भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह के समर्थक पुलिस थाने पहुंचे। विधायक ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। 
  • एमपी के पांच जिलों में ओले गिरने का अलर्ट 
  • मध्यप्रदेश में फिर मौसम बदल गया है। बैतूल, जबलपुर, मंडला, डिंडौरी और शहडोल में आज ओले गिरने का अलर्ट है। मौसम विभाग ने इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। देवास और रायसेन के पूर्वी हिस्से में भी मौसम बदला रहेगा। रविवार को भोपाल में सुबह से धूप और बादल हैं। मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि अभी एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम और ट्रफ लाइन भी गुजर रही है। इस वजह से प्रदेश में बारिश हो रही है।  
  • शिवराज सिंह ग्वालियर प्रवास पर रहेंगे 
  • मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को ग्वालियर प्रवास पर रहेंगे। ग्वालियर लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह के समर्थन में पूर्व सीएम शिवराज सिंह रविवार शाम 7 बजे से हजीरा से लेकर उरवाई गेट तक रोड शो करेंगे। इससे पहले शिवराज ग्वालियर के बेरजा, भितरवार व बैराड़ शिवपुरी में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। पूर्व सीएम मुरैना में भाजपा प्रत्याशी शिवमंगल सिंह तोमर और गुना लोकसभा से प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थन में भी प्रचार व जन सभा में शामिल होंगे।
  • भाजपा कार्यालय में आज बैठकों का दौर 
  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा आज भोपाल में रहेंगे। वीडी शर्मा इस दौरान प्रदेश कार्यालय में आयोजित विभिन्न बैठकों में भाग लेंगे।