Ladli Behna Yojana: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों के खाते में 1836 करोड़ रूपये से अधिक की राशि अंतरित की। सीहोर जिले के आष्टा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव 184 करोड़ 92 लाख रूपये की लागत के विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन भी किया। इन कार्यों में 115 करोड़ 32 लाख रूपये के कार्यों का लोकार्पण एवं 69 करोड़ 60 लाख रूपये के कार्यों का भूमि-पूजन शामिल है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीहोर जिले के आष्टा में 61 करोड़ की लागत से नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे आत्मीय संवाद भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे उत्कृष्ट शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में सफल करियर बनाएं, साथ ही एक जिम्मेदार नागरिक भी बनें।
सीएम यादव ने सीहोर प्रवास के दौरान आष्टा में ‘भारत रत्न’ बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी को पुष्प अर्पित कर नमन किया। आष्टा आगमन पर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर एवं विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा मुख्यमंत्री यादव का आत्मीय स्वागत किया गया।
वन्दे मातरम विवाद पर कांग्रेस पर बरसे सीएम
कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, 'दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ रहा है कि, जिस ‘वंदे मातरम्’ गीत के साथ पूरे देश ने आजादी की लड़ाई लड़ी, उसी पर कांग्रेस ने राजनीति की। अब कांग्रेस के लोगों को ‘वंदे मातरम्’ गाने में भी आपत्ति हो रही है। भारत माता की जय बोलने में भी इन्हें आपत्ति है। इस देश का खाते हो तो वंदे मातरम कहना होगा।'
नवंबर में बढ़ाई गई थी योजना की राशि
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में योजना के अंतर्गत नवंबर माह से मासिक सहायता में 250 रुपये की वृद्धि की गई है, जिससे अब पात्र हितग्राही बहनों को प्रतिमाह 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। प्रदेश में जून 2023 से प्रारंभ हुई यह योजना महिलाओं के जीवन में आर्थिक आत्मविश्वास और सामाजिक सम्मान का नया आधार बनी है। जून 2023 से अप्रैल 2026 तक योजना के तहत 35 किश्तों का नियमित अंतरण किया जा चुका है।
(मध्यप्रदेश के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)