haribhoomi hindi news
खंडवा में एक जर्जर रेलवे भवन से स्क्रैप निकालते समय बड़ा हादसा हो गया, जिसमें एक कर्मचारी की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। इमारत का हिस्सा अचानक गिरने से यह दुर्घटना हुई। घटना के बारे में विस्तार से जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर।

खंडवा। शहर में कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तीन पुलिया इलाके में स्थित पुराने रेलवे भवन से स्क्रैप निकालते समय बड़ा हादसा हो गया। जर्जर भवन का हिस्सा गिरने से एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। घायल रेलकर्मी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेलवे का यह भवन जर्जर अवस्था में था। इससे लोहा और अन्य सामग्री निकालने का प्रयास किया जा रहा था, इसी दौरान हादसा हो गया। 

राहत और बचाव कार्य जारी
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार काम के दौरान अचानक ढांचा कमजोर पड़ गया और उसका हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। मलबे में वहां मौजूद रेलवे कर्मचारी शशिकांत कश्यप और उनके एक अन्य साथ दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कराया गया। तुरंत एक जेसीबी मशीन बुलाई गई और उसकी मदद से मलबा हटाकर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में शशिकांत कश्यप उम्र 41 साल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनका साथी घायल हो गया।  

मृतक के परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
मृतक कर्मचारी शशिकांत कश्यप रेलवे में तकनीकी पद पर कार्यरत था। वह अपने परिवार का इकलौता सहारा बताया जाता है। उसके परिवार में छोटी-छोटी बच्चियां हैं। वहीं, घायल कर्मचारी को हाथ में चोट आई है। उसका इलाज किया जा रहा है। चिकित्सकों ने बताया कि उसकी हालत स्थिर है। हाथ की चोट से उबरने में कुछ समय लगेगा। 

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल 
यह हादसा कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की ओर इशारा करता है। जर्जर भवन में काम शुरू करने से पहले उचित जांच जरूरी होती है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के काम में अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए। यदि समय रहते सुरक्षा उपाय किए जाते, तो शायद हादसा टल सकता था। अब इस घटना के बाद लापरवाही को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

प्रशासन ने शुरू की जांच
फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि कार्य के दौरान नियमों का पालन हुआ या नहीं। अधिकारियों ने घटना की पूरी रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर सुरक्षा मानकों की जरूरत को उजागर करता है।

7