Karan Aujla Indore Concert: इंदौर में करण औजला के कंसर्ट से पहले नगर निगम की कार्रवाई, साउंड सिस्टम जब्त। टैक्स जमा न करने पर एक्शन।

Karan Aujla Indore Concert: मध्यप्रदेश। पंजाब के मशहूर सिंगर करण औजला का शनिवार को इंदौर में कंसर्ट है। उनके फैंस के लिए यह एक बड़ा दिन है। 11 शहरों में 'पी-पॉप कल्चर' के तहत करण औजला शो कर रहे हैं। इसी कड़ी में एक कंसर्ट इंदौर में भी हो रहा है। बताया जा रहा है कि, इंदौर नगर निगम की टीम ने कंसर्ट से पहले बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने यहां से साउंड सिस्टम और अन्य सामान जब्त कर लिया है।

शुक्रवार देर रात करण औजला इंदौर पहुंच गए थे। सी-21 ग्राउंड में उनका कंसर्ट है। इंदौर शहर में औजला पहली बार परफॉर्म कर रहे हैं लेकिन आयोजकों की लापरवाही से अब कंसर्ट फीका पड़ सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार आयोजकों ने मनोरंजन कर नहीं जमा किया। इसी वजह से नगर निगम की टीम ने कार्रवाई की है। 

लोगों ने बताया कि, नगर निगम की टीम आई और साउंड सिस्टम समेत कई अन्य उपकरण उठाकर गाड़ी में भरकर ले गई। मौके पर मौजूद आयोजकों की टीम ने अधिकारियों-कर्मचारियों को समझाने की कोशिश की लेकिन नियमों का हवाला देते हुए कार्रवाई जारी रखी गई।

ग्रैंड कंसर्ट के लिए फैंस एक्साइटेड
कंसर्ट के लिए 120 फीट लंबा स्टेज बनाया गया है। औजला की एंट्री भी बहुत स्पेशल होने वाली है। हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म से औजला अपने फैंस के सामने आएंगे। बैकस्टेज पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। हाईएंड लाइटिंग से कंसर्ट में चार चांद लगाने की तैयारी है। मुंबई से आई एक टीम ने पूरी तैयारी की है।

22 प्रोफेशनल डांसर्स भी करेंगे परफॉर्म
तय कार्यक्रम के मुताबिक औजला शो से तीन घंटे पहले वैन्यू पर आएंगे और रिहर्सल करेंगे। उनके लिए एक लग्जरी रूम वैन्यू पर ही बनाया गया है। उनके साथ 22 प्रोफेशनल डांसर्स भी स्टेज पर परफॉर्म करेंगे। कंसर्ट में आने वालों को एलईडी रिस्ट बैंड भी दिया जाएगा जिससे पूरा ग्राउंड जगमगा उठेगा।

सबसे महंगा टिकट 6.50 लाख में बिका
कंसर्ट का सबसे महंगा टिकट 6.50 लाख में बिकने की जानकारी सामने आई है। टिकट डिमांड काफी हाई थी। वीवीआईपी टिकट 15 हजार रुपए, गोल्ड सर्कल 11 हजार और सिल्वर सर्कल टिकट 10 हजार रुपए में बिका है। आयोजकों का कहना है कि, शो की सभी टिकट सोल्ड आउट हैं। इस शो में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। सीसीटीवी से लैस वैन्यू पर 300 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। एंट्री के लिए 2 लेकिन भीड़ देखते हुए एग्जिट के लिए 4 गेट बनाए गए हैं।